नेपाल: सीएएएन ने एवरेस्ट के ऊपर वाणिज्यिक हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने पर प्रतिबंध को किया खारिज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 15 Dec 2024 07:21 PM
नेपाल: सीएएएन ने एवरेस्ट के ऊपर वाणिज्यिक हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने पर प्रतिबंध को किया खारिज
ऑडियो सुनें

काठमांडू. नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएएएन) ने सागरमाथा राष्ट्रीय उद्यान के अधिकारियों द्वारा जारी उस नोटिस पर आपत्ति जताई है, जिसमें वाणिज्यिक उद्देश्य से विभिन्न हेलीकॉप्टर के राष्ट्रीय उद्यान के ऊपर से उड़ान भरने को प्रतिबंधित किया गया है.

सीएएएन ने एक बयान में कहा, ”ध्वनि प्रदूषण की जांच और क्षेत्र में पर्यावरण एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के नाम पर ‘माउंट एवरेस्ट’ के प्रवेश द्वार खुम्बू क्षेत्र में वाणिज्यिक हेलीकाप्टरों के उड़ान भरने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए राष्ट्रीय उद्यान के अधिकारियों द्वारा जारी नोटिस पर हमारा ध्यान आर्किषत किया गया है.” बयान में कहा गया है, ”उद्यान के अधिकारियों को राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में हेलीकॉप्टर की उड़ान को प्रतिबंधित करने का कोई अधिकार नहीं है, क्योंकि विमान को उतरने और उड़ान भरने से जुड़ा अधिकार पूरी तरह से सीएएएन के पास है.” सीएएएन ने सभी हेलीकॉप्टर कंपनियों को राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में अपना परिचालन हमेशा की तरह जारी रखने का भी निर्देश दिया.

नेपाल पर्यटन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) दीपक जोशी ने कहा, ”राष्ट्रीय उद्यान एवरेस्ट क्षेत्र में संचालित होने वाली उड़ानों को नहीं रोक सकते क्योंकि हेलीकॉप्टर कंपनियां नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के नियमों का पालन करते हुए अपनी उड़ानें संचालित कर रही हैं.” उन्होंने कहा, ”पर्यटकों ने एक साल या उससे भी पहले से हेलीकॉप्टर बुक कराए हैं और उड़ानें रद्द होने से हमारी विश्वसनीयता को नुकसान होगा.” सागरमाथा राष्ट्रीय उद्यान के अधिकारी टिप्पणी के लिए उपलब्ध नहीं थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu