निलाक्षिका ने श्रीलंका को सात साल में भारत पर दिलाई पहली जीत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 04 May 2025 08:33 PM
निलाक्षिका ने श्रीलंका को सात साल में भारत पर दिलाई पहली जीत
ऑडियो सुनें

कोलंबो. अनुभवी ऑलराउंडर निलाक्षिका सिल्वा के ताबड़तोड़ अर्धशतक से श्रीलंका त्रिकोणीय महिला एकदिवसीय श्रृंखला में रविवार को यहां भारत को तीन विकेट से हराकर उसके खिलाफ सात साल में पहली जीत दर्ज की. श्रीलंका की यह टूर्नामेंट में दूसरी जीत है जिससे वह फाइनल में जगह बनाने के करीब पहुंच गई है. यह टूर्नामेंट में भारत की पहली हार है लेकिन पहले दो मैचों में मिली जीत की बदौलत अब भी टीम फाइनल में जगह बनाने की मजबूत दावेदार है.

विकेटकीपर बल्लेबाज रिचा घोष की 48 गेंद में 58 रन की प्रभावी पारी से भारत ने बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर नौ विकेट पर 275 रन बनाए. श्रीलंका ने इसके जवाब में निलाक्षिका की 33 गेंद में तीन छक्कों और पांच चौकों से 56 रन की पारी की बदौलत 49.1 ओवर में सात विकेट पर 278 रन बनाकर जीत दर्ज की. निलाक्षिका के आउट होने के बाद अनुष्का संजीवनी (28 गेंद में नाबाद 23) और सुगंधिका कुमारी (20 गेंद में नाबाद 19) ने आठवें विकेट के लिए 39 गेंद में 40 रन की अटूट साझेदारी करके श्रीलंका को जीत दिलाई.

लक्ष्य का पीछा करते हुए हसिनी परेरा (27 गेंद पर 22 रन) ने अच्छी शुरुआत की लेकिन दीप्ति शर्मा के सटीक थ्रो पर रन आउट हो गईं. र्हिषता समरविक्रम (53) ने विशमी गुणारत्ने (58 गेंद पर 33 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 78 रन जोड़कर श्रीलंका की पारी को संभाला. अरुंधति रेड्डी (55 रन पर एक विकेट) ने विशमी को स्थानापन्न क्षेत्ररक्षक अमनजोत कौर के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा. र्हिषता अर्धशतक पूरा करने के बाद ऑफ स्पिनर प्रतीका रावल (32 रन पर एक विकेट) की गेंद पर अरुंधति को कैच दे बैठीं. उन्होंने 61 गेंद की अपनी पारी में पांच चौके मारे.

कप्तान चामरी अटापट्ट्र (23) और कविशा दिलहारी (35) ने उपयोगी योगदान दिया लेकिन दोनों को स्नेह राणा (45 रन पर तीन विकेट) ने पवेलियन भेजकर भारत को वापसी दिलाने की कोशिश की. निलाक्षिका और फिर अनुष्का तथा सुगंधिका ने हालांकि दबाव में धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए मेजबान टीम को जीत दिला दी. इससे पहले रिचा ने अपनी पारी में पांच चौके और तीन छक्के जड़े और वह भारत की ओर से शीर्ष स्कोरर रहीं.

जेमिमा रोड्रिग्स (46 गेंद पर 37 रन), प्रतीका (39 गेंद पर 35 रन), कप्तान हरमनप्रीत कौर (45 गेंद पर 30 रन) और हरलीन देओल (35 गेंद पर 29 रन) ने अच्छी शुरुआत की लेकिन वे इसे बड़े स्कोर में नहीं बदल सकीं. बादल छाए रहने के कारण चामरी ने टॉस जीतकर अंक तालिका में शीर्ष पर चल रहे भारत को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया. भारत ने अच्छी शुरुआत की लेकिन अपना 50 ओवर का 100वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहीं उपकप्तान स्मृति मंधाना 28 गेंद पर 18 रन बनाकर रन आउट हो गईं.

श्रृंखला में लगातार दो अर्धशतक जड़ने वाली प्रतीका फिर से अच्छी लय में दिखीं. हालांकि यह सलामी बल्लेबाज जब बड़े स्कोर की ओर बढ़ती नजर आ रही थी तब बाएं हाथ की स्पिनर इनोका रणवीरा की गेंद पर पगबाधा हो गईं. हरलीन देओल ने भी क्रीज पर पर्याप्त समय बिताने के बाद कामचलाऊ गेंदबाज देवमी विहंगा की गेंद पर अपना विकेट गंवाया. कप्तान हरमनप्रीत कौर 30 रन बनाकर बाएं हाथ की स्पिनर सुगंधिका कुमारी की गेंद पर आउट हुईं. कप्तान चामरी और सुगंधिका तीन-तीन विकेट लेकर श्रीलंका की ओर से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu