ईरान में नौ पाकिस्तानी श्रमिकों की गोली मारकर हत्या, पाकिस्तान ने गहन जांच की मांग की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 28 Jan 2024 07:56 PM
ईरान में नौ पाकिस्तानी श्रमिकों की गोली मारकर हत्या, पाकिस्तान ने गहन जांच की मांग की
ऑडियो सुनें

इस्लामाबाद. पाकिस्तान ने ईरान में अपने नौ नागरिकों की निर्मम हत्या की व्यापक जांच कराने की मांग की है. सीमा पार से एक-दूसरे के खिलाफ गोलाबारी के बाद दोनों देशों के बीच आए तनाव के कुछ दिनों बाद यह घटना हुई थी. पाकिस्तान की सीमा से सटे ईरान के सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत में शनिवार को अज्ञात हमलावरों ने नौ पाकिस्तानी श्रमिकों की गोली मारकर हत्या कर दी और तीन अन्य को घायल कर दिया था.

ईरान की मेहर समाचार एजेंसी ने कहा, ”प्रत्यक्षर्दिशयों के अनुसार अज्ञात हथियारबंद लोगों ने सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत में सरवन शहर के पास स्थित सिरकन में एक घर में नौ गैर-ईरानी लोगों की हत्या कर दी.” किसी भी समूह या व्यक्ति ने तत्काल हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है. पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने हमले की व्यापक जांच और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ त्वरित मुकदमा चलाने की मांग की है.

विदेश कार्यालय की प्रवक्ता मुमताज जहरा बलूच ने कहा, ”हम ईरानी अधिकारियों के संपर्क में हैं और घटना की तुरंत जांच करने एवं इस जघन्य अपराध में शामिल लोगों को जिम्मेदार ठहराने की आवश्यकता पर जोर दिया है.” उन्होंने इस ‘जघन्य और घृणित’ हमले की निंदा की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu