सोमालिया तट से पकड़े गए नौ समुद्री लुटेरों को भारत लाया गया, मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 03 Apr 2024 09:24 PM
सोमालिया तट से पकड़े गए नौ समुद्री लुटेरों को भारत लाया गया, मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

मुंबई. सोमालिया तट से पकड़ कर भारत लाए गए नौ समुद्री लुटेरों को बुधवार को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. सुमद्री लुटेरों ने ईरानी ध्वज वाले पोत को बंधक बना लिया था, जिसके बाद भारतीय नौसेना ने कार्रवाई करते हुए इन्हें पकड़ा था. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.

उन्होंने बताया कि इस पोत पर चालक दल के 23 पाकिस्तानी नागरिक सवार थे. बंधक बनाने की यह घटना 29 मार्च को हुई थी.
भारतीय नौसेना ने समुद्री डकैती रोधी अभियान के तहत 12 घंटे से अधिक के गहन सामरिक उपायों के बाद अपहृत ईरानी पोत और उसके चालक दल के सदस्यों को बचा लिया था.

अधिकारी ने कहा, ”भारतीय नौसेना दल के सफल अभियान के बाद समुद्री लुटेरों ने आत्मसमर्पण कर दिया और चालक दल के सदस्यों को बचा लिया गया. इसके बाद समुद्री लुटेरों को नौसेना ने हिरासत में ले लिया और छह दिन की यात्रा के बाद समुद्री लुटेरों को मुंबई लाया गया.” उन्होंने बताया कि नौसेना ने समुद्री लुटेरों को यहां पुलिस को सौंप दिया. अधिकारी ने कहा कि मुंबई पुलिस ने समुद्री लुटेरों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, समुद्री डकैती रोधी अधिनियम, पासपोर्ट अधिनियम और विदेशी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu