नीतीश मुख्यमंत्री हैं और रहेंगे, इसमें कोई भ्रम नहीं: सम्राट चौधरी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 10 Nov 2025 08:16 PM
नीतीश मुख्यमंत्री हैं और रहेंगे, इसमें कोई भ्रम नहीं: सम्राट चौधरी
ऑडियो सुनें

पटना. बिहार के उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सम्राट चौधरी ने बिहार विधानासभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से एक दिन पहले सोमवार को कहा कि इसको लेकर कोई भ्रम नहीं चाहिए कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं और आगे भी रहेंगे.
उन्होंने यह भी कहा कि जबकि जनता जानती है कि लालू प्रसाद का परिवार तथा राहुल गांधी भ्रष्टाचार के प्रतीक हैं.

भाजपा नेता ने कहा कि यदि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनी तो अदालत से आग्रह किया जाएगा कि चारा घोटाला, ”नौकरी के बदले जमीन” घोटाला, बाढ़ घोटाला और अलकतरा घोटाला में जब्त की गई जमीन पर स्कूल और कॉलेज स्थापित किए जाएं.

दूसरे चरण के मतदान से एक दिन पहले यहां मीडिया सेंटर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सम्राट चौधरी ने कहा, “नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं और आगे भी रहेंगे, इसमें किसी तरह का भ्रम नहीं है.” उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, अराजकता और कानून के राज से कभी समझौता नहीं किया जा सकता. उनका कहना था कि राजग बिहार के आम लोगों के लिए लगातार काम करती रही है और करती रहेगी.
उप मुख्यमंत्री ने मतदाताओं से अपील की कि वे पहले चरण की तरह दूसरे चरण में भी बढ़-चढ़कर मतदान करें, ताकि राज्य में कानून का राज और विकास की निरंतरता बनी रहे.

चौधरी ने कहा, “राजद ‘कंफ्यूज’ भी है और ‘डिफ्यूज’ भी. तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का दूसरा प्रतिनिधि बताया जा सकता है. वे जनवरी से अब तक कई बार घोषणा पत्र जारी कर चुके हैं. जनता जानती है कि लालू परिवार लूट, अराजकता और भ्रष्टाचार के लिए जाना जाता है. चुनाव हारने के डर से वे प्रधानमंत्री और चुनाव आयोग पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं.” उन्होंने कहा, “इस चुनाव में राजद कहीं मुकाबले में नहीं दिखता. महागठबंधन के नेता खुद भ्रम में हैं. राहुल गांधी तो अभी से ही ‘वोट चोरी’ का नारा देने लगे हैं.” विकास के मुद्दे पर सम्राट चौधरी ने कहा कि 2005 से 2020 तक बिहार में बुनियादी ढांचे में व्यापक परिवर्तन हुआ है. “जिस बिहार में कभी 8,000 किलोमीटर सड़कें थीं, आज वहां लगभग 1.5 लाख किलोमीटर सड़कें बन चुकी हैं.”

उन्होंने आगे कहा, “बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुआ है. आज बिहार के 38 जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है. पहले गंगा नदी पर केवल चार पुल थे, अब आठ बन चुके हैं और आठ का निर्माण जारी है.” कृषि क्षेत्र की प्रगति पर बोलते हुए उन्होंने कहा, ”राज्य में अनाज उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. “यह बदला हुआ बिहार है. अब अगर कोई भ्रम में है, तो उसके लिए कुछ नहीं किया जा सकता.” उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने भी यह तय कर लिया है कि “इन (राजद) लोगों से कुछ नहीं होने वाला. ये जनता की भलाई के लिए नहीं, केवल अपने हित के लिए काम करते हैं.”

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल पर लगे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए चौधरी ने कहा कि वे किसी मेडिकल कॉलेज के “मालिक” नहीं हो सकते, अधिकतम किसी ट्रस्ट से जुड़े हो सकते हैं. खुद पर लगे आरोपों को लेकर उन्होंने कहा, “न्यायालय इस पर अपना कार्य कर रहा है. पिछले 30 वर्षों से ये आरोप लगाए जाते रहे हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu