उत्तर-दक्षिण विवाद: ‘ कोई प्रतिस्पर्धा नहीं, हम सभी भारतीय सिनेमा का हिस्सा’ – करण जौहर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 22 May 2022 07:56 PM
उत्तर-दक्षिण विवाद: ‘ कोई प्रतिस्पर्धा नहीं, हम सभी भारतीय सिनेमा का हिस्सा’ – करण जौहर
ऑडियो सुनें

मुंबई. फिल्मकार करण जौहर ने रविवार को कहा कि ‘आरआरआर’, ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ और ‘पुष्पा’ जैसी दक्षिण भारतीय फिल्मों की अपार सफलता ने संपूर्ण रूप से भारतीय फिल्मों का स्तर ऊंचा किया है तथा फिल्म उद्योग को बड़े लक्ष्य बनाने की सीख दी है. हिंदी फिल्म उद्योग के शीर्ष निर्देशकों में से एक करण जौहर ने कहा कि देश की सभी भाषाओं की सफल फिल्में सामूहिक रूप से केवल भारतीय सिनेमा के उत्थान को ही प्रोत्साहित करती हैं.

करण धर्मा प्रोडक्शन के मालिक हैं और पिछले दो दशक से भी अधिक समय से फिल्मों का निर्देशन कर रहे हैं. उन्होंने कहा, “हम बड़े गर्व के साथ कह सकते हैं कि हम सभी भारतीय सिनेमा का हिस्सा हैं. हमें ‘आरआरआर’, ‘केजीएफ’ और ‘पुष्पा’ जैसी फिल्मों पर गर्व है, जिन्होंने शानदार कारोबार किया. इन फिल्मों ने संपूर्ण रूप से भारतीय फिल्मों का स्तर ऊंचा किया है और फिल्म उद्योग को बड़े लक्ष्य बनाने की सीख दी है. इन फिल्मों ने हमें बताया है कि भारतीय फिल्मों का स्तर कितना ऊंचा हो सकता है और हमारी फिल्मों की पहुंच बहुत आगे जा सकती है.” करण जौहर ने धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी अपनी नवीनतम फिल्म ‘जुगजुग जीयो’ के ट्रेलर लॉन्च के अवसर पर संवाददाताओं से यह बात कही.

‘जुगजुग जीयो’ में वरुण धवन, अनिल कपूर, कियारा आडवाणी और नीतू कपूर अहम भूमिका में नजर आएंगे. करण ने कहा, “हिंदी सिनेमा में ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ ने अच्छा कारोबार किया, ‘भूल भुलैया 2’ ने शानदार शुरुआत की है. हमें उम्मीद है कि ‘जुगजुग जीयो’ भी उस सूची का हिस्सा बने. हम चाहते हैं कि सभी भाषाओं की फिल्में शानदार सफलता हासिल करें.”

उन्होंने कहा, “पंजाबी फिल्मों, मराठी फिल्मों ने भी हाल ही में अच्छा प्रदर्शन किया है, इसलिए हम नहीं चाहते कि किसी भी भाषा की फिल्मों की एक-दूसरे से तुलना की जाए. हमें केवल भारतीय सिनेमा पर गर्व है. हम चाहते हैं कि हमारा भारतीय सिनेमा आगे बढ़ता रहे और मनोरंजन की दुनिया में वैश्विक स्तर पर अपनी विशेष पहचान बनाए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu