नॉर्वे शतरंज: अलीरेजा से हारे प्रज्ञाननंदा, कार्लसन को एकल बढ़त

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 03 Jun 2024 08:58 PM
नॉर्वे शतरंज: अलीरेजा से हारे प्रज्ञाननंदा, कार्लसन को एकल बढ़त
ऑडियो सुनें

स्टवांगर. भारत के भाई बहन की जोड़ी आर प्रज्ञाननंदा और आर वैशाली को नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट छठे दौर में हार का सामना करना पड़ा जबकि मैग्नस कार्लसन ने खराब फॉर्म में चल रहे डिंग लिरेन को हराकर 12 अंकों के साथ एकल बढ़त हासिल कर ली. अमेरिका के फैबियानो कारूआना ने हमवतन हिकारू नाकामुरा को हराकर छह खिलाड़ियों के बीच डबल राउंड रॉबिन आधार पर खेली जा रही इस प्रतियोगिता में कार्लसन को बढ़त हासिल करने में मदद पहुंचाई.

प्रज्ञाननंदा को क्लासिकल मैच में फ्रांस के फिरोजा अलीरेजा के खिलाफ थोड़ा संघर्ष करना पड़ा लेकिन वह इसके बाद आर्मगेडन टाईब्रेकर में हार गए. उनकी बहन वैशाली को चीन की विश्व महिला चैंपियन वेनजुन जू से हार का सामना करना पड़ा. अब जबकि चार दौर की बाजियां खेली जानी बाकी हैं तब शीर्ष पर काबिज कार्लसन के बाद नाकामुरा का नंबर आता है जिनके 11 अंक हैं जबकि प्रज्ञाननंदा 9.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं. अलीरेजा आठ अंकों के साथ चौथे और कारूआना 6.5 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं जबकि चीन के डिंग लीरेन अब तक केवल 2.5 अंक ही बना पाए हैं.

महिलाओं के वर्ग में वेनजुन जू और अन्ना मुजिचुक ने वैशाली की जगह बढ़त हासिल कर ली है. वेनजुन जू और मुजिचुक दोनों के समान 10.5 अंक हैं जबकि वैशाली उनसे आधा अंक पीछे है. मुजिचुक ने चीन की टिंगजी लेई को आर्मगेडन टाईब्रेकर में हराया.
लेई सात अंकों के साथ चौथे स्थान पर हैं. वह भारत की एक अन्य खिलाड़ी कोनेरू हंपी से दो अंक आगे है. हंपी को आर्मगेडन में स्वीडन की पिया क्रैमलिंग के हाथों एक और हार का सामना करना पड़ा. क्रैमलिंग के 4.5 अंक हैं और वह तालिका में सबसे निचले स्थान पर है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu