अब 11 जुलाई को होंगे डब्ल्यूएफआई के चुनाव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 21 Jun 2023 10:40 PM
अब 11 जुलाई को होंगे डब्ल्यूएफआई के चुनाव
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आईओए की तदर्थ समिति ने चुनाव में मताधिकार की मांग कर रही पांच अमान्य प्रदेश ईकाइयों की दलीलें सुनने के बाद भारतीय कुश्ती महासंघ के चुनाव 11 जुलाई को कराने का फैसला किया है . पहले यह चुनाव छह जुलाई को होने थे . उच्च न्यायालय के सेवानिवृत जज एम एम कुमार की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय समिति से पांच प्रदेश ईकाइयों महाराष्ट्र, हरियाणा, तेलंगाना, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश ने संपर्क किया था . इन पाचों को डब्ल्यूएफआई से मान्यता नहीं मिली है. समिति ने इन्हें सुनवाई के लिये आज बुलाया था .

एक सूत्र ने कहा ,” प्रदेश ईकाइयों ने अपना पक्ष रखा . भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रतिनिधियों ने उनकी मान्यता रद्द करने के अपने फैसले को सही ठहराया . समिति को फैसला लेने के लिये समय चाहिये लिहाजा चुनाव अब 11 जुलाई को होंगे .” सूत्र ने कहा ,” दोनों पक्षों ने एक दूसरे के सामने अपना पक्ष रखा . निवर्तमान महासचिव वी एन प्रसूद ने समिति के सामने सभी संबंधित दस्तावेज रखे .” सूत्र ने बताया कि हरियाणा की अमान्य ईकाई का प्रतिनिधित्व आर के हुड्डा ने किया जिनके साथ वकील भी थे . वहीं मान्य ईकाई का प्रतिनिधित्व उसके अध्यक्ष रोहताश सिंह ने किया . महाराष्ट्र की अमान्य ईकाई का पक्ष बालासाहेब लांडगे और उनके बेटे ललित लांडगे ने रखा जबकि मौजूदा सचिव योगेश दोडके ने मान्य ईकाई का प्रतिनिधित्व किया .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu