ओडिशा: प्रेमी ने लॉज में की प्रेमिका की हत्या, पुलिस के सामने किया आत्मसमर्पण

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 02 Jul 2025 10:24 PM
ओडिशा: प्रेमी ने लॉज में की प्रेमिका की हत्या, पुलिस के सामने किया आत्मसमर्पण
ऑडियो सुनें

ब्रह्मपुर. ओडिशा के ब्रह्मपुर शहर में एक प्रेमी ने लॉज में बुलाने के बाद प्रेमिका की कथित तौर पर हत्या कर दी और बाद में पुलिस के  सामने आत्मसमर्पण कर दिया. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान प्रिया कुमारी मोहराना के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान अभय कुमार मोहराना (24) के रूप में हुई है. वह ब्रह्मपुर के लांजीपल्ली इलाके का निवासी है.

पुलिस के अनुसार, अभय ने न्यू बस स्टैंड के पास एक लॉज में मंगलवार को पूर्वाह्न 11.30 बजे प्रवेश किया था. प्रिया थोड़ी देर बाद पहुंची थी. दोनों ने कुछ समय साथ बिताया था. उसके बाद अभय ने अपराह्न तीन बजे के आसपास कई बार चाकू से उस पर वार किया जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी अपने हाथ पर लगी चोट का इलाज कराने सिटी अस्पताल गया. वहां से वह गोसानिनुआगांव पुलिस थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने दावा किया कि प्रिया के किसी अन्य व्यक्ति से विवाह करने के निर्णय से नाराज होकर आरोपी ने लॉज में उसकी हत्या कर दी.

पुलिस ने बताया कि प्रिया यहां एक निजी अस्पताल में प्रयोगशाला सहायिका के रूप में काम करती थी. वहीं, आरोपी एक निजी कंपनी में काम करता था और पिछले तीन महीनों से बेरोजगार था. ब्रह्मपुर के पुलिस अधीक्षक सरवण विवेक एम. ने कहा, ”उन्होंने एक दिन के लिए कमरा बुक किया था. आरोपी उसे मारने के लिए चाकू लेकर आया था. कमरे में कुछ देर रुकने के बाद आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया.” पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने बचने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उसे दबोच लिया और उसकी गर्दन, पीठ, छाती और पेट पर कई बार चाकू से वार किया. पुलिस के अनुसार, अभय ने अपने दोनों मोबाइल फोन शहर के बिजीपुर इलाके के पास एक तालाब में फेंक दिए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu