फिल्म ‘एनिमल’, ‘संजू’ की आलोचना पर रणबीर ने कहा, अलग-अलग तरह के किरदार निभाने चाहिए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 25 Nov 2024 07:22 PM
फिल्म ‘एनिमल’, ‘संजू’ की आलोचना पर रणबीर ने कहा, अलग-अलग तरह के किरदार निभाने चाहिए
ऑडियो सुनें

पणजी. अभिनेता रणबीर कपूर ने कहा है कि कलाकारों को अपने द्वारा चुनी गई फिल्मों की कहानी के प्रति जिम्मेदार होना चाहिए, हालांकि उन्हें अलग-अलग तरह के किरदार निभाने चाहिए. मशहूर अभिनेता राज कपूर की 100वीं जयंती के अवसर पर रविवार को भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में निर्देशक राहुल रवैल के साथ बातचीत के दौरान एक दर्शक ने रणबीर से ‘एनिमल’ और ‘संजू’ जैसी फिल्मों के माध्यम से कथित तौर पर हिंसा का महिमामंडन करने संबंधी सवाल किया.

इस सवाल पर रणबीर ने कहा कि वह इस राय से सहमत हैं कि ”यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम दर्शकों के समक्ष ऐसी फिल्में लेकर आएं जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाए.” राज कपूर के पोते रणबीर ने कहा, ”लेकिन मैं एक अभिनेता हूं और मेरे लिए यह महत्वपूर्ण है कि मैं अलग-अलग अंदाज और किरदार में हाथ आजमाऊं. लेकिन आप जो कह रहे हैं वह बिल्कुल सही है. हमें अपनी बनाई गई फिल्मों के प्रति अधिक जिम्मेदार होना चाहिए.” संदीप रेड्डी वांगा द्वारा निर्देशित फिल्म ‘एनिमल’ को महिलाओं के खराब चित्रण, महिलाओं के प्रति द्वेष और हिंसा के लिए आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था, लेकिन इसके बावजूद यह 2023 की सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में से एक थी.

फिल्म ‘संजू’ अभिनेता संजय दत्त की जीवन पर आधारित फिल्म थी. राजकुमार हिरानी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रणबीर ने दत्त की भूमिका निभाई थी और इसमें अभिनेता के शराब और मादक पदार्थ की लत, उनके कथित प्रेम संबंधों और एक आतंकी मामले में उनकी सजा के बारे में विस्तार से बताया गया था. कई आलोचकों ने इस फिल्म को ‘भ्रामक’ कहा. कुछ ने दत्त की छवि निखारने के लिए फिल्म में तथ्यों को बदलने का भी आरोप लगाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu