‘हेरा फेरी 3’ से परेश रावल के हटने पर अक्षय ने कहा, यह एक गंभीर मामला, जिसका अदालत करेगी निपटारा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 May 2025 09:07 PM
‘हेरा फेरी 3’ से परेश रावल के हटने पर अक्षय ने कहा, यह एक गंभीर मामला, जिसका अदालत करेगी निपटारा
ऑडियो सुनें

मुंबई. बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने मंगलवार को कहा कि ‘हेरा फेरी 3’ से अभिनेता परेश रावल के हटने को लेकर जारी विवाद एक ‘गंभीर मामला’ है, जिसका निपटारा अदालत कर रही है. रावल के अचानक फिल्म से हटने के बाद मनोरंजन उद्योग और इस फिल्म के प्रशंसक हैरान रह गए थे, जो लगभग 20 साल के बाद ‘हेरा फेरी’ सीरीज की तीसरी फिल्म के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

‘हेरा फेरी 3’ के निर्माता और अभिनेता अक्षय कुमार ने मुकदमा दायर करके रावल से हर्जाने के तौर पर 25 करोड़ रुपये की मांग की है.
अक्षय की आगामी फिल्म ‘हाउसफुल 5’ का ट्रेलर जारी करने के मौके पर जब उनसे पूछा गया कि प्रशंसक ‘हेरा फेरी 3’ से रावल के बाहर होने से किस तरह निराश हैं, और मशहूर अभिनेता को ‘मूर्ख’ तक कह दिया है,तो इस पर कुमार ने कहा कि उनके ‘अच्छे दोस्त’ रावल को ‘मूर्ख’ कहकर संबोधित करना ‘सही नहीं’ है.

अक्षय ने कहा कि उनके एक सह-कलाकार के लिए ‘मूर्ख’ या इस तरह के अन्य शब्द का प्रयोग करना सही नहीं है और वह इसकी सराहना नहीं करेंगे. अक्षय ने कहा, ”मैंने पिछले 30-35 वर्षों से उनके साथ काम किया है, हम बहुत अच्छे दोस्त हैं. वह एक बेहतरीन अभिनेता हैं और मैं वास्तव में उनकी प्रशंसा करता हूं.” पिछले हफ्ते रावल ने विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी और कहा कि उनके वकील ने कानूनी मुकदमे का जवाब दे दिया है.

प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित ‘हेरा फेरी’ वर्ष 2000 में रिलीज हुई और इसमें सुनील शेट्टी और अक्षय कुमार भी थे. यह फिल्म एक दयालु गैराज मालिक बाबूराव गणपतराव आप्टे (रावल), एक चालाक और आवारा व्यक्ति राजू (अक्षय कुमार) और संघर्षरत व्यक्ति श्याम (शेट्टी) के ईद-गिर्द घूमती है.

तीनों ने 2006 में ‘हेरा फेरी’ के सीक्वल ‘फिर हेरा फेरी’ के साथ वापसी की, जिसे नीरज वोरा ने निर्देशित किया था. फिल्म का तीसरा भाग प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित किया जाएगा. लेकिन परेश रावल ने 18 मई को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिये आधिकारिक तौर पर यह घोषणा कर दी कि वह अब ‘हेरा फेरी 3’ का हिस्सा नहीं हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu