हिंदू राष्ट्र की मांग पर कमलनाथ ने कहा, “भारत की बहुसंख्यक आबादी हिंदू है”

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 08 Aug 2023 10:05 PM
हिंदू राष्ट्र की मांग पर कमलनाथ ने कहा, “भारत की बहुसंख्यक आबादी हिंदू है”
ऑडियो सुनें

भोपाल/इंदौर. मध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने मंगलवार को पूछा कि क्या यह अलग से कहने की जरूरत है कि भारत एक ”हिंदू राष्ट्र” है, जबकि तथ्य यह है कि इस देश में 82 प्रतिशत हिंदू रहते हैं. आध्यात्मिक उपदेशक धीरेंद्र शास्त्री की भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की कथित मांग के बारे में पूछे जाने पर कमलनाथ ने कहा, ”दुनिया की सबसे बड़ी हिंदू आबादी हमारे देश में रहती है. यहां 82 फीसदी हिंदू हैं. यह कोई बहस का मुद्दा नहीं है. ये बताने वाली बात नहीं है. ये आंकड़े हैं…इसे अलग से कहने की क्या ज.रूरत है.ह्व ‘बागेश्वर धाम सरकार’ के नाम से भी लोकप्रिय शास्त्री का आध्यात्मिक प्रवचन कमलनाथ के गृह क्षेत्र छिंदवाड़ा में आयोजित किया गया था, जो सोमवार को संपन्न हुआ.

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके कमलनाथ ने आरोप लगाया कि सरकार मणिपुर और मध्यप्रदेश में आदिवासियों के खिलाफ अत्याचार रोकने में विफल रही है. उन्होंने कहा, “आदिवासियों और गैर-आदिवासियों के बीच एक उग्र विवाद है, जबकि देश नौ अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस मनाने जा रहा है.” कांग्रेस नेता ने दावा किया कि प्रदेश के अनूपपुर जिले के 15 युवकों को चोरी के संदेह में गुजरात के राजकोट जिले में एक निजी कंपनी के मालिक ने पीटा था.

उन्होंने आरोप लगाया, “उन्हें बंधक बनाकर रखा गया और उनमें से चार को गंभीर चोटें आईं. उनके खिलाफ अत्याचार का एक वीडियो भी वायरल हुआ.” उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से राजकोट में आदिवासी युवाओं के खिलाफ किए गए “अत्याचार” के संबंध में उनके द्वारा अब तक उठाए गए कदमों की जानकारी मांगी.

उन्होंने शिवराज सिंह चौहान सरकार पर आदिवासियों की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया और रीवा जिले में दो आदिवासी लड़कियों के साथ कथित सामूहिक बलात्कार और सिंगरौली जिले में एक आदिवासी युवक पर गोलीबारी सहित कुछ घटनाओं का हवाला दिया. कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार की आदिवासी मुख्यमंत्री बनाने की मांग पर पूछे गए सवाल पर नाथ ने कहा, ”आखिरकार, यह लोगों की पसंद पर है जो मुख्यमंत्री का फैसला करते हैं और हर कोई यह जानता है.” प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं.

कांग्रेस विधायक ने आदिवासी मुख्यमंत्री की मांग करके कमलनाथ के चुनावी चेहरे को नकारा : भाजपा

कांग्रेस के एक विधायक द्वारा मध्यप्रदेश में आदिवासी मुख्यमंत्री की मांग को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के खिलाफ निशाना साधा. भाजपा ने कहा कि कांग्रेस विधायक ने सूबे में इस साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले यह मांग करके मुख्यमंत्री पद के लिए कमलनाथ के चेहरे को नकार दिया है.

जनजातीय समुदाय से ताल्लुक रखने वाले कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार ने छह अगस्त को धार जिले में जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा था कि इस समुदाय के किसी व्यक्ति को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनना चाहिए. कांग्रेस विधायक की इस मांग पर भाजपा की प्रदेश इकाई के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने इंदौर में “पीटीआई-भाषा” से कहा,”सिंघार एक तीर से दो शिकार करते हैं. उन्होंने (आदिवासी मुख्यमंत्री की मांग करके) उन कमलनाथ के चुनावी चेहरे को नकार दिया है, जिन्हें राज्य के कांग्रेस नेता अवश्यंभावी मुख्यमंत्री बताते रहे हैं.” आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा के चुनावी चेहरे के बारे में पूछे जाने पर अग्रवाल ने कहा कि उनकी पार्टी “सामूहिक नेतृत्व” के आधार पर चुनाव लड़ती है.

उन्होंने किसी नेता का नाम लिए बगैर कहा,”हमारा चुनावी चेहरा जगह-जगह सबके सामने है. यह किसी से छिपा नहीं है.” हिंदुओं के धार्मिक आयोजनों में कमलनाथ के लगातार शामिल होने पर भाजपा नेता ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस अब “छद्म हिंदुत्व” का सहारा ले रही है. अग्रवाल ने कहा,”जो लोग सदैव हिंदुत्व को नीचा दिखाते रहे और तुष्टिकरण की राजनीति करते रहे, आज उन्हें यह छद्म हिंदुत्व रास कैसे आएगा?”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu