यरुशलम. इजराइल की उत्तरी सीमा पर स्थित मार्गलियॉट के समीप एक बाग में लेबनान के हिजबुल्ला आतंकवादियों की ओर से दागी गयी टैंक रोधी मिसाइल की चपेट में आने से सोमवार को एक भारतीय नागरिक की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हो गए.
अधिकारियों ने शांतिपूर्ण कृषि श्रमिकों पर इस कायरतापूर्ण आतंकी हमले की निंदा की है. उन्होंने बताया कि तीनों लोग केरल के रहने वाले हैं.
बचाव सेवा मागेन डेविड अडोम (एमडीए) के प्रवक्ता जाकी हेलेर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मिसाइल सोमवार सुबह करीब 11 बजे उत्तरी इजराइल के गलीली क्षेत्र में मार्गलियॉट (सामूहिक कृषक समुदाय) के एक बाग में जाकर गिरी. आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस हमले में केरल में कोल्लम के रहने वाले पैटनिबिन मैक्सवेल (30) की मौत हो गयी. उन्होंने बताया कि घटना में बुश जोसेफ जॉर्ज (31) और पॉल मेल्विन (28) भी घायल हो गए और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
एक आधिकारिक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”जॉर्ज को चेहरे और शरीर पर चोट आने के बाद बीलिनसन अस्पताल में भर्ती कराया गया. उसका एक ऑपरेशन किया गया है. वह चोटों से उबर रहा है और उसे निगरानी में रखा गया है. वह भारत में अपने परिवार से बात कर सकता है.” मेल्विन को मामूली चोट आयी हैं और उसे उत्तरी इजराइल के साफेद शहर में जीव अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वह केरल के इडुक्की जिले का रहने वाला है.
नयी दिल्ली में इजराइल के दूतावास ने कहा, ”हम शिया आतंकवादी संगठन हिजबुल्ला द्वारा शांतिपूर्ण कृषि श्रमिकों पर किए कायरतापूर्ण आतंकी हमले के कारण एक भारतीय नागरिक की मौत और दो अन्य के घायल होने से बहुत दुखी हैं. ये श्रमिक कल दोपहर को उत्तरी गांव मार्गलियॉट के एक बाग में खेती कर रहे थे.”
उसने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”हमारी प्रार्थना और संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों और घायलों के प्रति है. इजराइली चिकित्सा संस्थान पूरी तरह से घायलों की सेवा में हैं जिनका हमारे उत्कृष्ट चिकित्सा र्किमयों द्वारा इलाज किया जा रहा है.” उसने कहा कि इजराइल आतंकवाद के कारण घायल या मारे जाने वाले सभी नागरिकों को समान मानता है और वह उनके परिवारों का सहयोग करेगा. हिजबुल्ला गाजा पट्टी में चल रहे युद्ध के बीच हमास के समर्थन में आठ अक्टूबर से ही रोजाना उत्तरी इजराइल में रॉकेट, मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहा है.
इजराइल में हुए मिसाइल हमले में भारतीय की मौत, दूतावास ने जारी किया परामर्श
इजराइल में स्थित भारतीय दूतावास ने लेबनान से दागी गई मिसाइल में एक भारतीय की मौत और दो अन्य के घायल होने के एक दिन बाद मंगलवार को परामर्श जारी कर भारतीयों से सुरक्षित क्षेत्रों में जाने का आग्रह किया. दूतावास ने विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर पोस्ट किए गए परामर्श में कहा, “मौजूदा स्थिति और स्थानीय सुरक्षा परामर्श के मद्देनजर इजराइल में सभी भारतीय नागरिकों, विशेष रूप से उत्तर और दक्षिण में सीमावर्ती क्षेत्रों में काम करने वाले या आने वाले लोगों को इजराइल के अंदर सुरक्षित क्षेत्रों में स्थानांतरित होने की सलाह दी जाती है.”
परामर्श में कहा गया है, “दूतावास हमारे सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इजराइली अधिकारियों के संपर्क में है.” इजराइल की उत्तरी सीमा पर स्थित मार्गलियॉट के समीप एक बाग में सोमवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे लेबनान की ओर से दागी गयी टैंक रोधी मिसाइल की चपेट में आने से एक भारतीय नागरिक की मौत हो गयी जबकि दो अन्य घायल हो गए.
हमले में केरल में कोल्लम के रहने वाले पैटनिबिन मैक्सवेल की मौत हो गयी. घटना में बुश जोसेफ जॉर्ज और पॉल मेल्विन भी घायल हो गए और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ऐसा माना जा रहा है कि यह हमला लेबनान में हिजबुल्ला की ओर से किया गया है जो गाजा पट्टी में चल रहे युद्ध के बीच हमास के समर्थन में आठ अक्टूबर से ही रोजाना उत्तरी इजराइल में रॉकेट, मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहा है.