इतिहास की किताबों में सम्राट पृथ्वीराज पर कुछ ही पंक्तियां, मुगलों पर कई अध्याय: अक्षय कुमार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 01 Jun 2022 08:37 PM
इतिहास की किताबों में सम्राट पृथ्वीराज पर कुछ ही पंक्तियां, मुगलों पर कई अध्याय: अक्षय कुमार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने बुधवार को कहा कि शिक्षा मंत्रालय को हिंदू राजाओं के योगदान पर संज्ञान लेने और उनकी कहानियों को उन मुगल बादशाहों के साथ ‘संतुलित’ करने की जरूरत है जिन्हें स्कूल की किताबों में अधिक स्थान मिलता है.
राजपूत योद्धा पर आधारित अपनी ऐतिहासिक फिल्म “सम्राट पृथ्वीराज” की रिलीज से पहले कुमार ने कहा, ‘‘यह दुख की बात है कि हम अपने राजाओं के बारे में नहीं जानते.’’

कुमार ने ”पीटीआई-भाषा” के साथ एक साक्षात्कार में कहा “इतिहास की किताबों में सम्राट पृथ्वीराज के बारे में मैंने केवल तीन-चार पंक्तियां पढ़ीं थीं. इस फिल्म के लिए धन्यवाद, मुझे उनके बारे में इतना कुछ जानने को मिला. मुझे नहीं लगता कि कोई और भी उनके बारे में जानता था.” उन्होंने कहा “जब मैं अपने बेटे से उनके (पृथ्वीराज) के बारे में बात कर रहा था, तो उसने कहा कि मैं ब्रिटिश साम्राज्य, मुगल साम्राज्य के बारे में जानता हूं, लेकिन पृथ्वीराज कौन हैं? यह दुखद है कि हम अपने राजाओं के बारे में नहीं जानते. झांसी की रानी, राणा प्रताप के बारे में कुछ ही पंक्तियां हैं, लेकिन मुगलों पर बहुत सारे अध्याय हैं.”

कुमार ने कहा “मैं शिक्षा मंत्रालय से अपील करूंगा कि वह संतुलन बनाते हुए हमारी संस्कृति, हिंदू राजाओं को भी हमारी पाठ्यपुस्तकों में जोड़ने की कोशिश करे.” कुमार अपनी फिल्म के प्रचार के लिए दिल्ली में थे. उन्होंने दक्षिण दिल्ली में स्थित किला राय पिथौरागढ़ परिसर में पृथ्वीराज चौहान की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की.

उन्होंने ‘उत्तर बनाम दक्षिण’ सिनेमा बहस पर भी तंज कसते हुए कहा “दोनों उद्योग एक हैं. अंग्रेजों ने ‘फूट डालो और राज करो’ का उपयोग करके 200 वर्षों तक हम पर शासन किया, हम इन सब चीजों से (अपने देश को) फिर से बांट रहे हैं. हम भारत हैं. वे अपनी मातृभाषा में फिल्में बना रहे हैं, हम अपनी मातृभाषा में फिल्में बना रहे हैं.” भारत की राष्ट्रभाषा पर हालिया विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कुमार ने कहा “सभी भाषाएं राष्ट्रीय भाषाएं हैं.” “सम्राट पृथ्वीराज” फिल्म यशराज फिल्म्स द्वारा निर्मित है. इसका निर्देशन चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने किया है. फिल्म में अभिनेता संजय दत्त, सोनू सूद भी हैं. 2017 में मिस वर्ल्ड बनीं मानुषी छिल्लर इस फिल्म से बॉलीवुड में अपनी पारी की शुरूआत कर रही हैं. यह फिल्म तीन जून को सिनेमाघरों में प्रर्दिशत होने वाली है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu