ऑपरेशन सिंदूर : BSF ने जवाबी कार्रवाई में पाक की 76 चौकियों, 42 अग्रिम ठिकानों को निशाना बनाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 May 2025 08:00 PM
ऑपरेशन सिंदूर : BSF ने जवाबी कार्रवाई में पाक की 76 चौकियों, 42 अग्रिम ठिकानों को निशाना बनाया
ऑडियो सुनें

जम्मू. सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने मंगलवार को कहा कि उसने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी रेंजर्स की बिना उकसावे की गोलीबारी और बमबारी का मुंहतोड़ जवाब देते हुए पाकिस्तान की 76 सीमा चौकियों और 42 अग्रिम रक्षा ठिकानों (एफडीएल) को निशाना बनाया. बीएसएफ ने बताया कि उसने उन तीन ‘आतंकी लॉन्च पैड’ को भी नष्ट किया, जहां से आतंकवादियों के घुसपैठ की आशंका थी.

अधिकारियों ने बताया कि बीएसएफ की यह कार्रवाई पाकिस्तान द्वारा 60 भारतीय चौकियों और 49 अग्रिम रक्षा ठिकानों पर भारी गोलीबारी और बमबारी शुरू करने के बाद हुई, जिसका मकसद कथित तौर पर 40-50 आतंकवादियों को सीमा पार घुसपैठ कराना था.
बीएसएफ के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) चित्रपाल सिंह ने यहां संवाददाताओं को बताया, ”पाकिस्तान ने हमारी 60 सीमा चौकियों और 49 अग्रिम रक्षा ठिकानों पर गोलीबारी की. जवाब में हमने उनकी 76 चौकियों और 42 अग्रिम रक्षा ठिकानों पर गोलीबारी की.”

सिंह ने बताया कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-र्सिवसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) द्वारा सुंदरबनी सेक्टर के पास संचालित एक प्रमुख ‘आतंकी लॉन्च पैड’ को नष्ट कर दिया गया है. उन्होंने कहा, ”अब उस क्षेत्र से कोई हलचल नहीं देखी गई है.” बीएसएफ के जम्मू फ्रंटियर के महानिरीक्षक (आईजी) शशांक आनंद ने कहा कि खुफिया जानकारी से पुष्टि हुई है कि कई ‘लॉन्च पैड’ नष्ट हुए हैं तथा सटीक हमलों के दौरान आतंकवादियों और पाकिस्तानी रेंजर्स में से कई की मौत हो गई.

आईजी ने कहा, ”चिकन नेक क्षेत्र के सामने लश्कर-ए-तैयबा के लॉन्च पैड को 9-10 मई की रात को एक विशेष हथियार प्रणाली का उपयोग करके नष्ट कर दिया गया.” उन्होंने कहा, ”हम अब भी अपनी साझेदार एजेंसियों के साथ समन्वय में कुल नुकसान का आकलन कर रहे हैं. तीन लॉन्च पैड और कई चौकियां नष्ट की गईं. पाकिस्तानी रेंजर्स ने (अपने क्षेत्र के) कई गांव खाली करा लिए थे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu