ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद पर पाकिस्तान के झूठ को उजागर किया : शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 18 May 2025 10:46 PM
ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद पर पाकिस्तान के झूठ को उजागर किया : शाह
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि स्वदेश निर्मित ब्रह्मोस मिसाइल ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी हवाई ठिकानों को नष्ट कर दिया, जबकि चीन से उधार ली गई उसकी वायु रक्षा प्रणाली का इस्तेमाल नहीं हो पाया.
शाह ने यहां एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अतीत में र्सिजकल स्ट्राइक और हवाई हमले पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) तक ही सीमित थे, लेकिन भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान की सीमा में 100 किलोमीटर तक घुसकर आतंकवादियों और उनके ठिकानों को नष्ट किया.

उन्होंने कहा, ”हमारी स्वदेशी रूप से विकसित ब्रह्मोस (सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल प्रणाली) ने पाकिस्तान के हवाई ठिकानों को नष्ट करने का काम किया, पाकिस्तान द्वारा चीन से उधार ली गई वायु रक्षा प्रणाली का इस्तेमाल नहीं हुआ.” उन्होंने कहा, ”हमारी वायुसेना ने सटीक हमले किए और पाकिस्तान के कई ऐसे स्थानों पर भारी क्षति पहुंचायी, जिन्हें अभेद्य माना जाता था. जब सीमा सुरक्षा का इतिहास लिखा जाएगा तो ऑपरेशन सिंदूर को स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा.” भारतीय सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन सिंदूर पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद शुरू किया था. पहलगाम में आतंकवादी हमले में 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक मारा गया था.

इस अभियान ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी बुनियादी ढांचे को नष्ट कर दिया, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई जाती थी और उन्हें निर्देशित किया जाता था. शाह ने कहा, ”पाकिस्तान पूरी दुनिया को बताता था कि उसके यहां कोई आतंकवादी गतिविधि नहीं होती और भारत पर झूठी शिकायतें करने का आरोप लगाता था. लेकिन, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत मिसाइल से आतंकवादियों का खात्मा कर दिया गया और पाकिस्तान दुनिया के सामने बेनकाब हो गया.” उन्होंने कहा कि अगले दिन पाकिस्तानी सेना के वरिष्ठ अधिकारी आतंकवादियों के जनाजे की नमाज में शामिल हुए, “जिससे पाकिस्तानी सेना, पाकिस्तान और आतंकवाद के बीच गठजोड़ उजागर हुआ और पूरी दुनिया को पता चला कि पाकिस्तान आतंकवादियों के अड्डे चलाता है.”

पहलगाम आतंकी हमले के बाद बिहार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाषण को याद करते हुए शाह ने कहा, “कुछ ही दिनों में नरेन्द्र भाई की दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति, सेना के पराक्रम, खुफिया एजेंसियों की सटीक जानकारी और सेना की मारक क्षमता ने पाकिस्तान में नौ जगहों पर आतंकी शिविरों को नष्ट करके उन्हें मिट्टी में मिला दिया.” उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं के माथे से सिंदूर मिटाने वाले आतंकवादियों को करारा जवाब दिया है और भारत की सुरक्षा और सीमाओं की सुरक्षा में एक नये तरह का इतिहास रचा है.

शाह ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में यह स्पष्ट कर दिया था कि सिंधु नदी और खून एकसाथ नहीं बहेंगे. अगर आतंकवाद का खात्मा नहीं हुआ तो सिंधु नदी का एक बूंद पानी भी नहीं मिलेगा.” उन्होंने कहा कि मोदी ने पाकिस्तान को यह संदेश दिया कि व्यापार और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते और अगर पाकिस्तान आतंकवाद को पनाह देता है तो पूरा व्यापार खत्म हो जाएगा.

उन्होंने कहा, ”मोदी ने कहा कि वह पाकिस्तान से बातचीत करने के लिए तैयार हैं, लेकिन बातचीत पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को वापस लेने और आतंकवाद को खत्म करने पर केंद्रित होगी. आज भारत के 140 करोड़ लोग हमारे सशस्त्र बलों की वीरता, खुफिया एजेंसियों की सटीकता और नरेन्द्र मोदी की मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति को सलाम करते हैं.” उन्होंने कहा कि मोदी ने भारत को 2047 तक सबसे आगे रखने का काम अपने हाथ में लिया है और पिछले 11 वर्षों में देश के विकास की मजबूत नींव रखी है.
शाह ने मेहसाणा में एक र्निसंग कॉलेज भवन का उद्घाटन करने और तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करने के बाद अहमदाबाद नगर निगम की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उद्घाटन किया.

इससे पहले दिन में शाह ने मेहसाणा में फाल्कन एग्रीफ्रिज फूड्स की अत्याधुनिक, पूरी तरह से स्वचालित ‘फ्रोजन’ आलू उत्पाद निर्माण इकाई का उद्घाटन किया. एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि समूह ने गुजरात में लगभग 1,050 करोड़ रुपये का निवेश किया है, जिसका उद्देश्य राज्य को ‘फ्रोजन’ आलू आधारित उत्पादों के लिए वैश्विक केंद्र में बदलना है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu