दिल्ली मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के लिए 25,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 20 Feb 2025 11:56 AM
दिल्ली मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के लिए 25,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: रामलीला मैदान में बृहस्पतिवार को होने वाले दिल्ली की नयी मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के लिए राष्ट्रीय राजधानी में 25,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों और अर्धसैनिक बलों की 15 से अधिक कंपनी को तैनात किया गया है।

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

शपथ ग्रहण समारोह में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित पार्टी के कई शीर्ष नेताओं के शिरकत करने की संभावना है।

अधिकारी ने कहा, ”हमने 25 हजार से अधिक पुलिस कर्मियों और अर्धसैनिक बलों की 15 से अधिक कंपनी को तैनात किया है।”

उन्होंने कहा कि कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा, ”रामलीला मैदान और उसके आसपास पांच हजार से अधिक पुलिस एवं अर्धसैनिक बल के जवान तैनात हैं। इसके अलावा रणनीतिक रूप से अहम करीब 2,500 स्थानों की पहचान की गई है और वहां पहले से ही भारी बल की तैनाती की गई है।”

पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता दिल्ली की नयी मुख्यमंत्री होंगी। भाजपा ने पिछले 10 साल से सत्ता पर काबिज अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) को हराकर 26 साल बाद सत्ता में वापसी की है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने बताया कि बुधवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता (50) को दिल्ली विधानसभा में सदन की नेता चुना गया।

बाद में गुप्ता ने उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया।

पुलिस ने बताया कि केवल अधिकृत लोगों को ही कार्यक्रम स्थल के पास जाने की अनुमति होगी और यातायात के सुचारू प्रबंधन के लिए योजना तैयार की गई है।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित लगभग 50 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

पुलिस ने बताया कि एआई के आधार पर चेहरे की पहचान करने वाले सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गली-मोहल्ले पर नजर रखी जा रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital