पाक नेता कर रहे कांग्रेस के ‘शहजादे’ को भारत का प्रधानमंत्री बनाने की दुआ: प्रधानमंत्री मोदी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 04 May 2024 01:26 PM
पाक नेता कर रहे कांग्रेस के ‘शहजादे’ को भारत का प्रधानमंत्री बनाने की दुआ: प्रधानमंत्री मोदी

ऑडियो सुनें

पलामू: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार के र्सिजकल और हवाई हमलों ने पाकिस्तान को इतना हिला दिया है कि पड़ोसी देश के नेता अब दुआ कर रहे हैं कि कांग्रेस का ‘शहजादा’ भारत का प्रधानमंत्री बने।

मोदी ने पलामू में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा और कहा कि पड़ोसी देश भले ही उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहता हो लेकिन भारत मजबूत प्रधानमंत्री वाला मजबूत देश चाहता है।

उन्होंने कहा, “मां भारती का अपमान अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नए भारत के ‘र्सिजकल और एयर स्ट्राइक’ ने उस पाकिस्तान को हिलाकर रख दिया था जिसे कांग्रेस शासन के दौरान भारत पर आतंकी हमलों का समर्थन करने के लिए जाना जाता था।”

मोदी ने कहा, ”नया भारत जानता है कि दुश्मन के इलाके में कैसे घुसना है और हमला करना है… र्सिजकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक से हिल चुके पाकिस्तान के नेता दुआ कर रहे हैं कि कांग्रेस का शहजादा देश का प्रधानमंत्री बने।”

उन्होंने मतदाताओं से एक वोट के महत्व को पहचानने का आग्रह किया, “जिसने 500 वर्षों तक पीढि़यों के संघर्ष के बाद राम मंदिर के निर्माण में योगदान दिया, साथ ही जम्मू और कश्मीर से अनुच्छेद 370 को निरस्त किया।” मोदी ने यह भी कहा कि वह मुस्लिमों को आरक्षण देने के लिए संविधान बदलने के कांग्रेस के किसी भी मंसूबे को सफल नहीं होने देंगे।

उन्होंने कहा, “पिछले 25 साल में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में मेरे ऊपर भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं लगा है। मेरे पास न तो घर है और न ही साइकिल… लेकिन भ्रष्ट झामुमो और कांग्रेस नेताओं ने अपने बच्चों के लिए अकूत संपत्ति बना ली है।”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav