पाकिस्तान परमाणु ऊर्जा आयोग को सबसे बड़ा परमाणु संयंत्र बनाने का लाइसेंस मिला

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 30 Dec 2024 02:03 PM
पाकिस्तान परमाणु ऊर्जा आयोग को सबसे बड़ा परमाणु संयंत्र बनाने का लाइसेंस मिला
ऑडियो सुनें

इस्लामाबाद: पाकिस्तान की परमााणु ऊर्जा नियामक एजेंसी ने देश में बिजली उत्पादन के लिए सबसे बड़ा परमाणु संयंत्र बनाए जाने का रास्ता साफ करते हुए लाइसेंस जारी कर दिया है। पाकिस्तान परमाणु नियामक प्राधिकरण (पीएनआरए) द्वारा बृहस्पतिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पीएनआरए ने चश्मा परमाणु ऊर्जा संयंत्र इकाई पांच (सी-5) के निर्माण के लिए लाइसेंस जारी किया है, जो 1,200 मेगावाट क्षमता के साथ परमाणु ऊर्जा के जरिए बिजली उत्पादन करने वाला सबसे बड़ा संयंत्र होगा।

‘डॉन’ समाचार पत्र की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान परमाणु ऊर्जा आयोग ने इस वर्ष अप्रैल में लाइसेंस के लिए आवेदन किया था और उसने इसके साथ ही प्रारंभिक सुरक्षा आकलन रिपोर्ट एवं परमाणु सुरक्षा, विकिरण सुरक्षा, आपातकालीन तैयारी, अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े परिचालन संबंधी पहलुओं एवं डिजाइन के बारे में अन्य दस्तावेज भी भेजे थे।

पीएनआरए की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रासंगिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के तहत नियामक अनिवार्यताओं की गहन समीक्षा की गई जिसके बाद लाइसेंस जारी किया गया। सी-5 चीनी हुआलोंग डिजाइन का तीसरी पीढ़ी का उन्नत दबावयुक्त जल रिएक्टर है। इसे राष्ट्रीय आर्थिक परिषद की कार्यकारी समिति ने पहले ही मंजूरी दे दी है और इसका निर्माण 3.7 अरब अमेरिकी डॉलर की लागत से किया जाएगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital