पाकिस्तान ने अंजू का वीजा एक साल के लिए बढ़ाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 08 Aug 2023 08:16 PM
पाकिस्तान ने अंजू का वीजा एक साल के लिए बढ़ाया
ऑडियो सुनें

पेशावर. पाकिस्तान ने 34 वर्षीय उस भारतीय महिला का वीजा एक साल के लिए बढ़ा दिया है, जो अपने फेसबुक दोस्त से शादी करने के लिए खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के एक सुदूर गांव में गई थी. उसके पाकिस्तानी पति ने मंगलवार को यह जानकारी दी. दो बच्चों की मां अंजू ने विवाह से पहले इस्लाम धर्म कुबूल कर लिया था. अंजू ने इस्लाम अपनाने के बाद अपना नया नाम फातिमा रखा है. अंजू ने 25 जुलाई को प्रांत के अपर दीर जिले में रहने वाले अपने 29 वर्षीय मित्र नसरुल्ला से शादी कर ली थी. दोनों 2019 में फेसबुक पर दोस्त बने थे.

मंगलवार को नसरुल्लाह ने कहा कि अंजू का वीजा, जो पहले 2 महीने के लिए बढ़ाया गया था, अब उनकी शादी के बाद एक साल के लिए बढ़ा दिया गया है. उसके एक महीने की अवधि वाला मूल वीजा 20 अगस्त को समाप्त होने वाला था. नसरुल्लाह ने कहा, “आंतरिक मंत्रालय को संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने के बाद मेरी पत्नी अंजू का वीजा एक साल के लिए बढ़ा दिया गया है.” उसने कहा, “सभी पाकिस्तानी संस्थान हमारे साथ सहयोग कर रहे हैं.” पिछले महीने, एक रियल एस्टेट कंपनी ने जोड़े को खैबर पख्तूनख्वा में एक भूखंड उपहार में देने के साथ ही उन्हें एक चेक भी दिया था .

उत्तर प्रदेश के कैलोर गांव में पैदा हुई और राजस्थान के अलवर जिले में रहने वाली अंजू वाघा-अटारी सीमा के माध्यम से भारत से कानूनी रूप से पाकिस्तान गई थी. उसे 30 दिन का वीजा दिया गया, जो केवल अपर दीर के लिए वैध था. अंजू की पहली शादी राजस्थान के रहने वाले अरविंद से हुई थी. दोनों की एक 15 साल की बेटी और छह साल का बेटा है. उसकी कहानी चार बच्चों की मां 30 वर्षीय महिला सीमा गुलाम हैदर के समान है, जो 22 वर्षीय हिंदू व्यक्ति सचिन मीना के साथ रहने के लिए भारत में घुस आई थी. वह 2019 में पबजी खेलने के दौरान उसके संपर्क में आई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu