पाकिस्तान आतंकियों को जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ कराने का प्रयास कर रहा : सैन्य कमांडर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 24 Nov 2023 08:37 PM
ऑडियो सुनें

जम्मू. सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान विदेशी आतंकवादियों को जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ कराने का प्रयास कर रहा है. उन्होंने कहा कि आतंकवादी संगठनों में पाकिस्तान के सेवानिवृत्त सैनिकों की मौजूदगी है.

द्विवेदी ने बुधवार और बृहस्पतिवार को राजौरी जिले के धर्मसाल क्षेत्र के बाजीमाल इलाके में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए दो कैप्टन सहित पांच सैन्यर्किमयों को श्रद्धांजलि देने के बाद यह टिप्पणी की. मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने अफगानिस्तान में प्रशिक्षित और पाकिस्तान निवासी शीर्ष लश्कर कमांडर क्वारी सहित दो आतंकवादियों को मार गिराया.

लेफ्टिनेंट जनरल ने संवाददाताओं से कहा कि एक साल के भीतर दो दर्जन से अधिक विदेशी आतंकवादियों का क्षेत्र से सफाया करने के लिए राजौरी और पुंछ के सीमावर्ती जिलों में अभियान तेज कर दिया गया है. कमांडर ने कहा कि दो खूंखार विदेशी आतंकवादियों का मारा जाना क्षेत्र को अस्थिर करने की पाकिस्तान की साजिश के लिए एक बड़ा झटका है.

आतंकवादियों के बीच पाकिस्तान के कुछ विशेष बलों के जवानों की मौजूदगी के बारे में पूछे जाने पर लेफ्टिनेंट जनरल ने कहा, ”जब हमने आतंकवादियों की पहचान करने की कोशिश की, तो हमें पता चला कि उनमें से कुछ (पाकिस्तानी सेना के) सेवानिवृत्त जवान हैं.” लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी ने कहा, ”स्थानीय आबादी, विशेषकर युवाओं से समर्थन की कमी के कारण पाकिस्तान इस क्षेत्र में विदेशी आतंकवादियों को भेजने का प्रयास कर रहा है क्योंकि स्थानीय युवा आतंकवादी संगठनों में भर्ती होने के इच्छुक नहीं हैं. विदेशी आतंकवादियों को मार गिराने के लिए हमारे प्रयास जारी हैं.”

यह पूछे जाने पर कि क्या पाकिस्तान लोकसभा चुनावों सहित आगामी चुनावों को बाधित करने के लिए आने वाले महीनों में और अधिक आतंकवादियों को भेजने का इरादा रखता है, उन्होंने अधिक विवरण दिए बिना ”हां” में जवाब दिया. राजौरी जिले में मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए पांच जवानों को केंद्र शासित प्रदेश के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा, लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, सेना के अधिकारियों और पुलिस ने शुक्रवार को श्रद्धांजलि अर्पित की.

पांचों जवानों के पार्थिव शरीर राजौरी से जम्मू के आर्मी जनरल अस्पताल लाये गये, जहां पुष्पांजलि समारोह आयोजित किया गया.
उपराज्यपाल सिन्हा ने पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद ‘एक्स’ पर कहा, ”मैं राजौरी में आतंकवाद-रोधी अभियान के दौरान मातृभूमि की रक्षा करते शहीद हुए हमारी सेना के वीर कैप्टन एम.वी. प्रांजल, कैप्टन शुभम गुप्ता, हवलदार अब्दुल मजीद, लांस नायक संजय बिष्ट और पैराट्रूपर सचिन लौर को नमन करता हूं. उनकी वीरता और बलिदान को कभी नहीं भुलाया जाएगा. उनके परिवारों के प्रति संवेदनाएं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu