पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर भारत का मुकुट मणि : राजनाथ सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 19 Jan 2025 07:01 PM
पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर भारत का मुकुट मणि : राजनाथ सिंह
ऑडियो सुनें

जौनपुर. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को भारत का मुकुट मणि बताते हुए कहा कि इसके बिना जम्मू कश्मीर अधूरा है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने पाकिस्तान पर जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को बढ़ावा देने की साजिश जारी रखने का भी आरोप लगाया. सिंह जौनपुर जिले के निजामुद्दीनपुर गांव में पत्रकारों से बात कर रहे थे, जहां वह भाजपा नेता जगत नारायण दुबे के घर आयोजित एक समारोह में शामिल हुए थे.

उन्होंने कहा, “यह (पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर) भारत का मुकुट मणि है और जम्मू कश्मीर इसके बिना अधूरा है.” रक्षा मंत्री ने कहा, “पाकिस्तान के लिए यह एक विदेशी क्षेत्र से अधिक कुछ नहीं है. वह इसका इस्तेमाल आतंक को शह देने व भारत विरोधी दुष्प्रचार के लिए कर रहा है. वहां आतंकी शिविरों और लॉन्च पैड को नष्ट किया जाना चाहिए अन्यथा इसका उचित जवाब दिया जाएगा.” रक्षा मंत्री ने कथित भारत विरोधी बयानबाजी के लिए पाकिस्तानी नेता अनवर-उल-हक पर भी निशाना साधा.

सिंह ने कहा कि पाकिस्तान वहां लोगों को धर्म के नाम पर भारत के खिलाफ भड़काने की कोशिश कर रहा है और वहां के निवासियों पर अत्याचार करता है. सिंह ने कहा “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत सबसे बड़ी डिजिटल अर्थव्यवस्था बन चुका है और हम 2047 तक भारत को विकसित देश बनाएंगे.” उन्होंने कहा कि आज भारत कुछ बोलता है, तो सारी दुनिया कान खोल कर सुनती है कि भारत बोल क्या रहा है. सिंह ने कहा, “आज देश के युवाओं को भारत का इतिहास पढ़ना चाहिए, हमारे इतिहास में हर क्षेत्र में भारत की उपलब्धि व्याप्त है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu