शिवसेना व बागी विधायकों की याचिकाएं कई संवैधानिक सवाल उठाती हैं : उच्चतम न्यायालय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 20 Jul 2022 06:18 PM
शिवसेना व बागी विधायकों की याचिकाएं कई संवैधानिक सवाल उठाती हैं : उच्चतम न्यायालय
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को कहा कि शिवसेना और उसके बागी विधायकों द्वारा दायर याचिकाएं दल-बदल, विलय और अयोग्यता संबंधी कई संवैधानिक सवाल उठाती हैं, जिन पर एक वृहद पीठ द्वारा विचार किए जाने की आवश्यकता है. प्रधान न्यायाधीश एन. वी. रमण की अध्यक्षता वाली पीठ ने विभिन्न पक्षों को 27 जुलाई तक ऐसे मुद्दे तैयार करने को कहा, जिन पर वृहद पीठ को विचार करने की जरूरत है.

पीठ ने कहा, ‘‘वकीलों की दलीलें सुनने के बाद यह सहमति बनी है कि यदि आवश्यक हो तो कुछ मुद्दों को एक वृहद पीठ के पास भी भेजा जा सकता है. इसे ध्यान में रखते हुए, सभी पक्षों को मुद्दों को तैयार करने के लिए, उन्हें अगले बुधवार तक इसे दाखिल करने दिया जाए.’’ शीर्ष अदालत ने मामले के पक्षकारों से 27 जुलाई तक ऐसे मुद्दे तैयार करने को कहा, जिन पर वृहद पीठ को विचार करने की जरूरत है. मामले की अगली सुनवाई एक अगस्त के लिए निर्धारित कर दी गई. पीठ में न्यायमूर्ति कृष्ण मुरारी और न्यायमूर्ति हिमा कोहली भी शामिल हैं.

पीठ महाराष्ट्र के हालिया राजनीतिक संकट से जुड़े उन पांच लंबित मामलों पर सुनवाई कर रही है, जिसके चलते राज्य की महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार गिर गई थी. शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट ने बुधवार को उच्चतम न्यायालय में कहा कि महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को नयी सरकार को शपथ नहीं दिलानी चाहिए थी क्योंकि यह मामला शीर्ष अदालत में लंबित है.

सुनवाई की शुरुआत में, उद्धव ठाकरे गुट की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने पीठ से कहा, ‘‘पार्टी द्वारा नामित आधिकारिक सचेतक के अलावा किसी अन्य सचेतक को विधानसभाध्यक्ष द्वारा मान्यता दिया जाना दुर्भावनापूर्ण है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘लोगों के फैसले (जनादेश) का क्या होगा. संविधान की 10वीं अनुसूची का इस्तेमाल दलबदल को बढ़ावा देने के लिए किया गया है.’’

सिब्बल ने कहा कि राज्यपाल एक ऐसे व्यक्ति (एकनाथ ंिशदे) को शपथ नहीं दिला सकते जो जनता द्वारा जनादेश दिये गये राजनीतिक दल से खुद को अलग करना चाहते हैं और इसलिए, उन्हें संविधान की 10वीं अनुसूची के तहत अयोग्य घोषित किया जा सकता है.

शिवसेना के पूर्व मुख्य सचेतक सुनील प्रभु की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि गुवाहाटी के लिए प्रस्थान करने से एक दिन पहले पार्टी के बागी गुट के सदस्यों ने विधानसभा उपाध्यक्ष को ई-मेल भेजकर उन्हें (सुनील प्रभु) हटाने की मांग की थी.

महाराष्ट्र विधानसभा में ंिशदे गुट द्वारा प्राप्त बहुमत को ‘‘अनुचित बहुमत’’ करार देते हुए सिंघवी ने कहा, ‘‘यह ई-मेल एक अनधिकृत ई-मेल आईडी से भेजा गया था. विधानसभा उपाध्यक्ष ने इस पर रोक लगा दी और कहा था कि इसे रिकॉर्ड में शामिल नहीं किया गया है.’’ मुख्यमंत्री एकनाथ ंिशदे की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे ने कहा कि लोकतंत्र में लोग एकजुट हो सकते हैं और प्रधानमंत्री से कह सकते हैं कि ‘माफ करें, आप पद पर अब और नहीं रह सकते हैं.’’ उन्होंने कहा कि यदि कोई नेता पार्टी के भीतर ही समर्थन (बहुमत) जुटाता है और बिना पार्टी छोड़े (नेतृत्व से) प्रश्न उठाता है तो यह दलबदल नहीं है.

उन्होंने पीठ से कहा कि अगर एक राजनीतिक दल में बड़ी संख्या में लोग यह महसूस करते हैं कि अन्य व्यक्ति को उनका नेतृत्व करना चाहिए, तो इसमें क्या गलत है? साल्वे ने कहा, ‘‘अगर एक मुख्यमंत्री बदल जाए, तो आसमान नहीं टूट पड़ेगा. आइए इस पर विचार करें कि क्या विधानसभा अध्यक्ष ने कानून के अनुसार नियुक्ति की थी.’’

प्रधान न्यायाधीश ने कहा, ‘‘शुरुआत में मुझे कुछ संदेह हुआ था. यह राजनीतिक रूप से एक संवेदनशील मामला है और मैं नहीं चाहता कि यह संदेश जाए कि हम पक्षपात कर रहे हैं.’’ प्रधान न्यायाधीश के नेतृत्व वाली पीठ ने 11 जुलाई को उद्धव ठाकरे गुट के विधायकों को अंतरिम राहत प्रदान करते हुए महाराष्ट्र के विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से कहा था कि वह उनकी अयोग्यता के अनुरोध वाली याचिका पर आगे कार्रवाई नहीं करें.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu