पंजाब में महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, राज्य सरकार ने वैट बढ़ाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 11 Jun 2023 09:33 PM
पंजाब में महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, राज्य सरकार ने वैट बढ़ाया
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. पंजाब सरकार द्वारा मूल्यर्विधत कर (वैट) में बढ़ोतरी के बाद राज्य में पेट्रोल 92 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है, जबकि डीजल के दाम 88 पैसे प्रति लीटर बढ़ गए हैं. राज्य के पेट्रोल पंप मालिकों ने यह जानकारी दी. वैट में वृद्धि के साथ पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतें (मोहाली में) बढ़कर क्रमश? 98.95 रुपये प्रति लीटर और 89.25 रुपये प्रति लीटर हो गई हैं. नई खुदरा कीमतें 10 और 11 जून की मध्यरात्रि से लागू हो गई हैं.

यह इस साल में दूसरा मौका है जबकि ईंधन कीमतें बढ़ी हैं. फरवरी में आप सरकार ने पेट्रोल और डीजल दोनों पर 90 पैसे प्रति लीटर का उपकर लगाया था. राज्य के आबकारी और कराधान विभाग ने शनिवार को ईंधन पर वैट में वृद्धि के संबंध में अधिसूचना जारी की. मोहाली के एक पेट्रोल पंप के मालिक अशविंदर सिंह मोंगिया ने कहा कि डीजल पर वैट 1.13 प्रतिशत बढ़ाकर 12 प्रतिशत कर दिया गया है, जबकि पेट्रोल पर इसे 1.08 प्रतिशत बढ़ाकर 15.74 प्रतिशत किया गया है.

मोंगिया ने कहा कि वैट में बढ़ोतरी के साथ पंजाब में पेट्रोल और डीजल की दरें पड़ोसी राज्यों की तुलना में अधिक हो गई हैं. मोंगिया ने कहा कि संघ शासित प्रदेश चंडीगढ़ में डीजल और पेट्रोल की खुदरा कीमतें क्रमश? 84.26 रुपये प्रति लीटर और 96.20 रुपये प्रति लीटर हैं. इसी तरह हिमाचल प्रदेश में डीजल की कीमत 85.44 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल की 96.29 रुपये प्रति लीटर है.

शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने पेट्रोल और डीजल पर वैट बढ़ाने की निंदा की है. उन्होंने इस मनमानी वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की है. पंजाब कांग्रेस के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा, ”भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार का एक और जनविरोधी फैसला. पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से पंजाब सरकार की विफलता और अक्षमता उजागर होती है. इससे लाखों पंजाबियों पर आर्थिक बोझ ही बढ़ेगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu