प्रधानमंत्री मोदी पांच देशों की यात्रा के पहले चरण में घाना पहुंचे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 02 Jul 2025 11:17 PM
प्रधानमंत्री मोदी पांच देशों की यात्रा के पहले चरण में घाना पहुंचे
ऑडियो सुनें

अक्करा (घाना). प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को दो दिवसीय यात्रा पर घाना पहुंचे, जिस दौरान वह पश्चिम अफ्रीकी देश के शीर्ष नेतृत्व के साथ वार्ता करेंगे और मजबूत द्विपक्षीय साझेदारी की समीक्षा करेंगे. घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा ने प्रधानमंत्री मोदी की हवाई अड्डे पर अगवानी की. प्रधानमंत्री मोदी की घाना की यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है. साथ ही, यह तीन दशकों में भारत के किसी प्रधानमंत्री की पहली घाना यात्रा है.

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”घाना के अक्करा पहुंचा. राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा द्वारा हवाई अड्डे पर मेरा स्वागत किये जाने से मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं. दोनों देश अपने दीर्घकालिक संबंधों को मजबूत करने और सहयोग के नये रास्ते तलाशने के लिए मिलकर काम करने को तत्पर हैं.” राष्ट्रपति महामा के निमंत्रण पर घाना की यात्रा पर आए मोदी का भव्य स्वागत किया गया, जिस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सलामी गारद का निरीक्षण किया.

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कुछ समय पहले अक्करा, घाना पहुंचे, जो एक ऐतिहासिक यात्रा की शुरुआत है. यह तीन दशकों से अधिक समय में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की घाना की पहली यात्रा है. राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा ने गर्मजोशी भरे माहौल में व्यक्तिगत रूप से प्रधानमंत्री मोदी का हवाई अड्डे पर स्वागत किया, जो दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों को रेखांकित करता है.” विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह व्यवहार दोनों देशों के बीच दोस्ती के मजबूत और ऐतिहासिक जुड़ाव को दर्शाता है.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”भारत-घाना मैत्री का जश्न! प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी घाना के अक्करा पहुंचे. प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया.” होटल पहुंचने पर, मोदी का भारतीय समुदाय के सदस्यों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘हरे कृष्ण’ के नारों के बीच गर्मजोशी से स्वागत किया. उनके स्वागत के लिए संगीत और नृत्य का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया.

मोदी ने प्रस्थान के समय अपने बयान में कहा कि घाना ‘ग्लोबल साउथ’ में एक महत्वपूर्ण साझेदार है तथा अफ्रीकी संघ एवं पश्चिमी अफ्रीकी देशों के आर्थिक समुदाय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने कहा कि वह दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने तथा निवेश, ऊर्जा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं विकास साझेदारी के क्षेत्रों में सहयोग के नए द्वार खोलने के उद्देश्य से होने वाली वार्ताओं के लिए उत्सुक हैं.

उन्होंने कहा, ”हम दोनों लोकतांत्रिक देश हैं. ऐसे में घाना की संसद को संबोधित करना मेरे लिए सम्मान की बात होगी.” घाना से मोदी तीन से चार जुलाई तक त्रिनिदाद और टोबैगो की दो दिवसीय यात्रा करेंगे. अपनी यात्रा के तीसरे चरण में मोदी चार से पांच जुलाई तक अर्जेंटीना का दौरा करेंगे. अपनी यात्रा के चौथे चरण में मोदी 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए ब्राजील जाएंगे. अपनी यात्रा के अंतिम चरण में वह नामीबिया जाएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu