प्रधानमंत्री मोदी ने मुर्मू को दी जीत की बधाई, जीत को ऐतिहासिक बताया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 21 Jul 2022 10:19 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने मुर्मू को दी जीत की बधाई, जीत को ऐतिहासिक बताया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/भुवनेश्वर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को बृहस्पतिवार को बधाई दी और कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में पूर्वी भारत के सुदूर हिस्से से ताल्लुक रखने वाली एक आदिवासी समुदाय में जन्मी नेता को राष्ट्रपति निर्वाचित कर भारत ने इतिहास रच दिया है.

मुर्मू की जीत की घोषणा के बाद एक के बाद एक ट्वीट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विधायक, मंत्री और झारखंड के राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल बहुत उत्कृष्ट रहा. उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पूरा भरोसा है कि वह एक उत्कृष्ट राष्ट्रपति होंगी जो आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगी और भारत की विकास यात्रा को मजबूत करेंगी.’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू का जीवन, उनके शुरुआती संघर्ष, उनकी सेवा और उनकी उत्कृष्ट सफलता हर भारतीय को प्रेरित करती है. उन्होंने कहा, ‘‘वह एक उम्मीद की किरण के रूप में उभरी है, खासकर गरीबों, वंचितों और पिछड़ों के लिए.’’ उन्होंने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू के पक्ष में मतदान करने वाले सभी सांसदों और विधायकों का धन्यवाद किया. मोदी ने कहा कि उनकी रिकॉर्ड जीत लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है.

राजनाथ सिंह ने राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू की जीत पर उन्हें बधाई दी

केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू की ‘‘प्रभावशाली’’ जीत पर उन्हें बधाई दी और कहा कि उनकी विजय भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का संकेत है. भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ने कहा कि मुर्मू गरीबों और समाज के वंचित वर्ग के कल्याण के लिए सक्रिय रही हैं और अब वह सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंची हैं.

राहुल ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने द्रौपदी मुर्मू के भारत की राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर उन्हें बुधाई दी. उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘द्रौपदी मुर्मू जी को भारत का 15वां राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बधाई और शुभकामनाएं.’’

नवीन पटनायक ने दी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव जीतने पर दी बधाई
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राष्ट्रपति चुनाव में विजयी बनने पर द्रौपदी मुर्मू को यह कहते हुए बधाई दी कि यह ओडिशा में हर व्यक्ति के लिए गौरवशाली क्षण है. पटनायक ने कहा कि मुर्मू का सामान्य परिवार से लेकर देश के राष्ट्रपति पद तक पहुंचने का सफर प्रेरणादायी है और वह महिला सशक्तिरण का चमकता उदाहरण हैं.

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ओडिशा की बेटी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को भारत की 15 वीं राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बधाई. यह वाकई ओडिशा में हर व्यक्ति के लिए गौरवशाली क्षण है कि वह देश के शीर्षतम पद के लिए निर्वाचित हुई हैं.’’ मुख्यमंत्री ने उन्हें उनके अगले ‘कार्यकाल’ के लिए शुभकामनाएं दीं.

उपराष्ट्रपति नायडू ने मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव में जीत पर बधाई दी
उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को जीत के लिए बधाई दी और कहा कि लोगों से जुड़े मुद्दों की उनकी गहरी समझ से देश को काफी फायदा होगा. राष्ट्रपति चुनाव के लिए जारी मतगणना में मुर्मू ने 50 प्रतिशत वोट का आंकड़ा पार कर लिया है.

उपराष्ट्रपति सचिवालय ने नायडू के हवाले से ट्वीट किया, ‘‘श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को भारत की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर हार्दिक बधाई. सार्वजनिक जीवन में उनका व्यापक अनुभव, निस्वार्थ सेवा की भावना और लोगों से जुड़े मुद्दों की गहरी समझ से देश को काफी फायदा होगा. एक सफल कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं.’’

जनजातीय समुदाय की महिला का राष्ट्रपति चुना जाना देश के लिए र्स्विणम क्षण: नड्डा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने देश की नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बृहस्पतिवार को बधाई दी और कहा कि जनजातीय समुदाय की एक महिला का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद के लिए चुना जाना एक र्स्विणम क्षण है. नड्डा ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘द्रौपदी मुर्मू को देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर हार्दिक बधाई.

जनजातीय समाज की महिला का राष्ट्रपति पद तक पहुंचना, देश के लिए र्स्विणम क्षण हैं.’’ भाजपा अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि मुर्मू के प्रशासनिक व सामाजिक कार्यो की दक्षता व अनुभव से राष्ट्र को अप्रतिम लाभ मिलेगा. एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘‘अंत्योदय का लक्ष्य लेकर सामाजिक परिवर्तन से राष्ट्र निर्माण में रत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में द्रौपदी मुर्मू का देश के सर्वोच्च पद पर आसीन होना दर्शाता है कि भाजपा सरकार हर वर्ग के कल्याण हेतु संकल्पबद्ध है.’’

राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू ने विपक्षी दलों के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को पराजित किया. देश की 15वीं और आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखने वाली मुर्मू देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति होंगी. वह वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोंिवद का स्थान लेंगी.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu