प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम से मुलाकात की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 05 Nov 2025 10:40 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम से मुलाकात की

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/मुंबई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को विश्व कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम से अपने निवास पर मुलाकात की और विश्व कप में लगातार तीन हार के कठिन दौर से गुजरने के बाद ‘दृढता और शानदार वापसी’ के लिये खिलाड़ियों की तारीफ भी की . प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार हार के बाद सोशल मीडिया पर हुई ट्रोलिंग के बारे में भी खिलाड़ियों से बात की और जबर्दस्त मानसिक दृढता का परिचय देकर शानदार वापसी करने और इतिहास रचने के लिये उनकी सराहना भी की .

कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 2017 में ट्रॉफी के बिना प्रधानमंत्री से हुई मुलाकात को भी याद किया . उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि अब वे और सफलता अर्जित करके आगे भी मिलते रहना चाहेंगे . उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें प्रेरित किया है और उन सभी के लिये प्रेरणास्रोत रहे हैं . भारतीय क्रिकेट टीम प्रधानमंत्री से मिलने मंगलवार की शाम यहां पहुंची थी .

भारत ने रविवार को नवी मुंबई में खेले गए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार आईसीसी खिताब जीता .
बातचीत के दौरान ‘प्लेयर आफ द टूर्नामेंट’ दीप्ति शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया कि वह 2017 से उनसे मिलने का इंतजार कर रही थी . प्रधानमंत्री ने उनके इंस्टाग्राम बायोडाटा पर ‘जय श्रीराम’ और उनके हाथ पर हनुमान जी के टैटू का जिक्र किया तो दीप्ति ने मुस्कुराकर कहा कि इससे उन्हें ताकत मिलती है . हरमनप्रीत ने पूछा कि वह हर समय वर्तमान में कैसे रह पाते हैं , इस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उनके जीवन का हिस्सा और आदत बन गई है .

उन्होंने टीम के सफर के यादगार पलों का भी जिक्र किया जिसमें इंग्लैंड के खिलाफ 2021 में हरलीन देयोल का शानदार कैच शामिल है जो उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था . प्रधानमंत्री मोदी ने मजाकिया लहजे में फाइनल में अमनजोत कौर के कैच का भी जिक्र किया जो दो बार संभलने के बाद तीसरी बार में उन्होंने लपका था . उन्होंने कहा कि कैच लपकने से पहले आपको गेंद दिख रही होगी लेकिन बाद में ट्रॉफी दिख गई होगी .

क्रांति गौड़ ने प्रधानमंत्री से कहा कि उनका भाई उनका बड़ा प्रशंसक है जिस पर प्रधानमंत्री ने उसे उनसे मिलने का खुला न्यौता दिया .
मोदी ने खिलाड़ियों से फिट इंडिया के संदेश का प्रचार करने का भी आग्रह किया, खासकर देश की लड़कियों में . उन्होंने मोटापे की बढती समस्या पर चिंता जताते हुए फिटनेस और व्यायाम के महत्व पर जोर दिया . उन्होंने खिलाड़ियों से अपने स्कूलों में जाकर युवाओं को खेलने के लिये प्रेरित करने को कहा .

स्मृति, जेमिमा, हरमनप्रीत भारतीय क्रिकेट की नई ब्रांड हैं: घावरी

भारत के पूर्व तेज गेंदबाज करसन घावरी ने महिला वनडे विश्व कप विजेता भारतीय टीम की जमकर प्रशंसा करते हुए बुधवार को हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स और स्मृति मंधाना को भारतीय क्रिकेट का नया ब्रांड करार दिया. भारतीय महिला टीम ने रविवार को नवी मुंबई में खेले गए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद का कोई टूर्नामेंट जीता.

घावरी ने कहा, ”भारतीय महिला टीम की जितनी भी प्रशंसा की जाए कम है. उन्होंने पूरे विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन किया विशेष कर ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आखिरी दो मैच में उनका प्रदर्शन शानदार रहा. वह विश्व कप जीतने की असली हकदार थी.” घावरी ने यहां पुलिस जिमखाना में शारीरिक रूप से दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए अंतर-राज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन के दौरान कहा, ”जैसे पुरुष टीम में विराट, रोहित और गिल हैं, वैसे ही स्मृति, जेमिमा और हरमनप्रीत अब भारतीय क्रिकेट की नई ब्रांड हैं.” उन्होंने कहा, ”विश्व कप जीतना बहुत बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने न सिर्फ भारत में रहने वाले लोगों बल्कि विदेशों में रहने वाले भारतीयों का सिर भी गर्व से ऊंचा कर दिया है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu