
नयी दिल्ली/मॉस्को/लंदन. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को 75 वर्ष के हो गए. इस मौके पर अनेक गणमान्य व्यक्तियों और नेताओं ने उनके नेतृत्व की सराहना की तथा सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस उपलक्ष्य में 15 दिन से ज्यादा समय के लिए ”सेवा पखवाड़ा” शुरू किया है.
अपने जन्मदिन पर विभिन्न राज्यों से विकास कार्यक्रमों की शुरुआत करने की अपनी परंपरा को जारी रखते हुए, मोदी ने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर केंद्रित एक राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करने के लिए मध्य प्रदेश के धार की यात्रा की.
मोदी ने धार में एक जनसभा में कहा कि पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम देकर पलक झपकते ही पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया.
उन्होंने कहा, ”पाकिस्तान से आए आतंकियों ने हमारी बहनों-बेटियों का सिंदूर उजाड़ा था. हमने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाकर आतंकी ठिकानों को उजाड़ दिया. हमारे वीर जवानों ने पलक झपकते ही पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया.” उन्होंने कहा, ”अभी कल ही देश और दुनिया ने देखा है, फिर एक पाकिस्तानी आतंकी ने रो-रो कर अपना हाल बताया है.” प्रधानमंत्री का इशारा जैश-ए-मोहम्मद के उस कमांडर की ओर था, जिसने स्वीकार किया है कि सात मई को पाकिस्तान के बहावलपुर स्थित संगठन मुख्यालय पर भारतीय मिसाइल हमलों में संगठन का मुख्यालय नष्ट हो गया तथा आतंकवादी और उनके सहयोगी मारे गए.
प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान का उल्लेख करते हुए कहा, ” यह नया भारत है. यह किसी की परमाणु धमकियों से डरता नहीं है. यह नया भारत है, घर में घुसकर मारता है.” उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं की पुरजोर वकालत की और ”स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” तथा आठवें वार्षिक राष्ट्रीय पोषण माह अभियान की भी शुरुआत की. केंद्र और राज्यों की भाजपा शासित सरकारों ने दो अक्टूबर तक देशभर में स्वास्थ्य शिविर लगाने से लेकर स्वच्छता अभियान चलाने, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए मेलों और बुद्धिजीवियों के समागम तक कई तरह के जन संपर्क, कल्याण, विकास और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए हैं.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर बुधवार को बधाई दी और देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार करने के लिए उनकी प्रशंसा की. मुर्मू ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा, ”आज विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास प्रकट कर रहा है.” राष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने असाधारण नेतृत्व से आपने देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार किया है.” उनका आभार व्यक्त करते हुए मोदी ने कहा कि उनकी सरकार 140 करोड़ से अधिक नागरिकों की मदद से एक मजबूत, सक्षम और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए सर्मिपत रहेगी. उन्होंने उनके दृष्टिकोण और विचारों को प्रेरणादायक बताया.
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रहा है और एक विकसित राष्ट्र के लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ रहा है. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि देश के प्रति उनका अद्वितीय समर्पण और प्रतिबद्धता प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा है. भाजपा नेताओं और अन्य दलों के सदस्यों ने मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं, जिन्होंने 2014 के बाद से अपनी पार्टी को अभूतपूर्व भौगोलिक विस्तार और चुनावी सफलता दिलाई है.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मोदी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, राष्ट्र के प्रति समर्पण और अथक परिश्रम से देश को नयी ऊर्जा दी है और उसे एक नयी दिशा दिखाई है. सिंह ने कहा कि उन्होंने विश्व स्तर पर भारत की क्षमता और सम्मान को बढ़ाया है और लोगों व गरीबों के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अनुकरणीय है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री पिछले पांच दशक से भी अधिक समय से लोगों के कल्याण के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं और वह प्रत्येक नागरिक के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ के आदर्श वाक्य की जीवंत प्रेरणा हैं.
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने समाज के हर वर्ग की प्रगति के लक्ष्य के साथ ”आत्मनिर्भर और विकसित भारत” के निर्माण के लिए कई परिवर्तनकारी कदम उठाए हैं. उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान मिली है. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मोदी को विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता बताया और कामना की कि उनके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर बने और आतंकवाद तथा भ्रष्टाचार को खत्म कर ”विश्वगुरु” बने.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी.
खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं.’ उन्होंने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना भी की. राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना है.” दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा इस शहर के साथ खड़े रहे और पिछले 11 वर्षों में राष्ट्रीय राजधानी की जरूरतों का ध्यान रखा.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और उन्हें 140 करोड़ भारतीयों की आशाओं एवं आकांक्षाओं का पथप्रदर्शक बताया. उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी प्रधानमंत्री के लिए ”स्वस्थ, सार्थक, सामंजस्यपूर्ण, समावेशी और सकारात्मक” जीवन की कामना की. प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी.
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी प्रधानमंत्री मोदी को 75वें जन्मदिन की बधाई दी. तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि रेड्डी ने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्र की सेवा में निरंतर ऊर्जा की कामना की. नायडू ने मोदी की सराहना करते हुए कहा कि वह सही समय पर सही नेता हैं, जिन्होंने स्पष्टता, दृढ़ संकल्प और सुधारों के साथ देश का मार्गदर्शन किया है, जिससे देश भर में सार्थक बदलाव आया है.
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर बधाई दी और कहा कि पूर्वोत्तर राज्य ने उनके नेतृत्व में कई उपलब्धियां हासिल की हैं. शर्मा ने कहा कि असम सरकार बुधवार से शुरू हो रहे सप्ताह को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘सेवा सप्ताह’ के रूप में मनाएगी, जो सेवा, करुणा और जन कल्याण को सर्मिपत होगा. अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और मेघालय के मुख्यमंत्री सी. के. संगमा ने भी मोदी को जन्मदिन की बधाई दी. खांडू ने कहा कि प्रधानमंत्री का दूरदर्शी नेतृत्व साहस और सावधानी के साथ भारत के भविष्य को आकार दे रहा है. तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं.
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक समेत विश्व के कई नेताओं ने भी मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. क्रेमलिन वेबसाइट पर प्रकाशित एक संदेश में रूसी नेता ने कहा, ”प्रिय प्रधानमंत्री जी, कृपया अपने 75वें जन्मदिन के अवसर पर मेरी ओर से हार्दिक बधाई स्वीकार करें.” पुतिन ने कहा, ”आप हमारे देशों के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में पारस्परिक रूप से लाभकारी रूसी-भारतीय सहयोग विकसित करने में बड़ा व्यक्तिगत योगदान दे रहे हैं.” अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके 75वें जन्मदिन से एक दिन पहले मंगलवार को फोन किया था और उन्हें शुभकामनाएं दीं.
दुनिया भर के नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को 75वें जन्मदिन पर बधाई दी
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक सहित कई विश्व नेताओं ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर बधाई दी. प्रधानमंत्री मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर के एक छोटे से कस्बे में हुआ था. पुतिन ने मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए भारत और रूस के बीच साझेदारी को मजबूत करने में उनके “शानदार व्यक्तिगत योगदान” की सराहना की.
क्रेमलिन (रूस का राष्ट्रपति भवन) की वेबसाइट पर प्रकाशित बधाई संदेश में पुतिन ने कहा, “आपने (मोदी) शासन प्रमुख के रूप में अपने कार्यों के जरिये अपने देशवासियों से उच्च सम्मान अर्जित किया और वैश्विक मंच पर खासा प्रभाव छोड़ा.” उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने सामाजिक, आर्थिक, वैज्ञानिक और तकनीकी क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं.
पुतिन ने कहा, “आप हमारे देशों के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और विभिन्न क्षेत्रों में पारस्परिक रूप से लाभकारी रूसी-भारतीय सहयोग विकसित करने में शानदार व्यक्तिगत योगदान दे रहे हैं.” इससे एक दिन पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन कर जन्मदिन की बधाई दी थी. उनकी बधाई को शुल्क (टैरिफ) के मुद्दे पर द्विपक्षीय संबंधों में उपजे तनाव के बीच भारत के साथ संबंध सुधारने के अमेरिकी प्रयासों के हिस्से के रूप में देखा जा रहा है.
ट्रंप ने कहा कि मोदी बहुत अच्छा काम कर रहे हैं. उन्होंने यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के प्रयासों में प्रधानमंत्री के सहयोग के लिए उन्हें धन्यवाद दिया. इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें “अच्छा मित्र” बताया.
उन्होंने कहा, “आपने अपने जीवन में भारत के लिए बहुत कुछ हासिल किया है. और हमने मिलकर भारत और इजराइल की दोस्ती में बहुत कुछ हासिल किया है.” नेतन्याहू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए वीडियो संदेश में कहा, “मैं आपसे जल्द ही मिलने की उम्मीद करता हूं, क्योंकि हम अपनी साझेदारी और दोस्ती को और भी ऊंचाइयों पर ले जा सकते हैं. जन्मदिन मुबारक हो मेरे दोस्त.” इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी ने मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके साथ ली गई अपनी एक तस्वीर ‘एक्स’ पर साझा की.
उन्होंने लिखा, “उनकी (मोदी) शक्ति, उनका दृढ़ संकल्प और लाखों लोगों का नेतृत्व करने की उनकी क्षमता प्रेरणा का स्रोत है. मित्रता और सम्मान के साथ, मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और ऊर्जा की कामना करती हूं, ताकि वह भारत को एक उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जा सकें और हमारे देशों के बीच संबंधों को और मजबूत कर सकें.” ब्रिटेन के भारतीय मूल के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी को उनके 75वें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है.”
उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, “इस अनिश्चित समय में, हम सभी को अच्छे दोस्तों की जरूरत है और मोदी जी हमेशा मेरे और ब्रिटेन के अच्छे दोस्त रहे हैं. मुझे ब्रिटेन-भारत संबंधों को लगातार मजबूत होता देख बहुत खुशी हो रही है.” सुनक ने कहा, “एक ब्रिटिश-भारतीय परिवार से ताल्लुक रखने के नाते इस रिश्ते की मेरे दिल में हमेशा एक खास जगह रहेगी.” उन्होंने कहा कि वह जी20 शिखर सम्मेलन के लिए ब्रिटिश प्रधानमंत्री के रूप में 2023 में की गई अपनी भारत यात्रा को “स्नेहपूर्वक” याद रखेंगे.
सुनक ने कहा, “यह विश्व मंच पर भारत की प्रतिष्ठा के अनुरूप एक शानदार आयोजन था. मोदी जी, मैं आपको जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं और जल्द ही आपसे मिलने के लिए उत्सुक हूं.” ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके देश को भारत के साथ इतनी मजबूत मित्रता साझा करने पर गर्व है. उन्होंने कहा, “हम आस्ट्रेलिया में भारतीय समुदाय के योगदान के लिए उसके आभारी हैं.” श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने भी मोदी को बधाई दी और “अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के कद को बढ़ाने, श्रीलंका के साथ घनिष्ठ संबंधों को बढ़ावा देने तथा चुनौतीपूर्ण समय में द्विपीय देश का समर्थन करने” के लिए उनके नेतृत्व की सराहना की.
दिसानायके ने मोदी के “अच्छे स्वास्थ्य, ऊर्जा और भारत के लोगों की सेवा तथा क्षेत्र में शांति एवं समृद्धि के साझा भविष्य को आकार देने में उनकी सफलता की कामना की.” माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने प्रधानमंत्री के “अच्छे स्वास्थ्य” की कामना की और कहा कि उनके नेतृत्व में भारत “शानदार प्रगति” कर रहा है तथा “विश्व के विकास” में योगदान दे रहा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में कहा कि गेट्स फाउंडेशन भारत सरकार के साथ अपनी साझेदारी को बहुत महत्व देता है.
गेट्स ने कहा, “हम सब मिलकर ‘विकसित भारत’ की दिशा में हो रही प्रगति का समर्थन कर रहे हैं और ‘ग्लोबल साउथ’ के देशों के लिए सीख एवं नवाचार साझा कर रहे हैं.” भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके “अच्छे स्वास्थ्य, खुशहाली एवं लंबी उम्र” की कामना की.
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन, म्यांमा के राष्ट्रपति मिन आंग हलिंग, गुयाना के राष्ट्रपति इरफान अली, डोमिनिका के प्रधानमंत्री रूजवेल्ट स्केरिट, पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे, साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स, त्रिनिदाद एवं टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेस्वर और मालदीव के पूर्व विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद सहित कई अन्य नेताओं ने भी मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं.
मेस्सी ने प्रधानमंत्री मोदी के 75वें जन्मदिन पर हस्ताक्षर वाली विश्व कप जर्सी भेजी
भारत दौरे की तैयारी में जुटे अर्जेंटीना के सुपरस्टार लियोनेल मेस्सी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर 2022 विश्व कप विजेता टीम की हस्ताक्षर की हुई जर्सी भेजी है. मेस्सी को भारत दौरे पर ला रहे प्रमोटर सतद्रु दत्ता ने बुधवार को पीटीआई को बताया कि इस स्टार फुटबॉल आइकन की विश्व कप जर्सी दो-तीन दिन में प्रधानमंत्री के पास पहुंच जाएगी. दत्ता ने कहा, ”जब मैं फरवरी में उनसे इस दौरे पर चर्चा करने के लिए मिला था तो मैंने उन्हें बताया था कि प्रधानमंत्री का 75वां जन्मदिन भी आ रहा है और उन्होंने कहा था कि वह प्रधानमंत्री के लिए एक हस्ताक्षर वाली जर्सी भेजेंगे. ”



