निजी संबंधों के आड़े राजनीति नहीं आनी चाहिए: टीएमसी सांसद दीपक अधिकारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 04 Dec 2022 08:29 PM
निजी संबंधों के आड़े राजनीति नहीं आनी चाहिए: टीएमसी सांसद दीपक अधिकारी
ऑडियो सुनें

कोलकाता. बांग्ला फिल्मों के सुपरस्टार एवं तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद दीपक अधिकारी ने रविवार को कहा कि पेशेवर अभिनेताओं को विरोधी खेमे के प्रति निष्ठा रखने वाले लोगों के साथ सहयोग करते समय अपनी राजनीतिक विचारधाराओं को किनारे रख देना चाहिए.

दीपक ने कहा कि पेशेवर कलाकारों को प्रतिद्वंद्वी खेमे के प्रति निष्ठा रखने वाले लोगों के साथ सहयोग करने से हिचकिचाना नहीं चाहिए. उन्होंने पीटीआई-भाषा से कहा कि राजनीति को कभी भी व्यक्तिगत संबंधों के आड़े नहीं आना चाहिए. उन्हें देव नाम से भी जाना जाता है. उनकी आगामी फिल्म ‘प्रजापति’ में दिग्गज अभिनेता और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता मिथुन चक्रवर्ती ने भी अभिनय किया है.

अधिकारी ने कहा, ‘‘हमारी आने वाली फिल्म में, मैं और मिथुन दा, क्रमश: बेटे और पिता की भूमिका निभा रहे हैं. हम दोनों ही अपनी पार्टी में बड़े नाम हैं. हम दोनों का हमारी पार्टियों द्वारा सम्मान किया जाता है. राजनीति का अपना स्थान है, और रचनात्मक कार्य का अपना. एक क्षेत्र को दूसरे क्षेत्र को प्रभावित नहीं करना चाहिए. ’’

अभिनेता ने कहा,‘‘मैं भी अपने व्यक्तिगत संबंधों को प्रभावित नहीं होने देता. घाटाल से जब उम्मीदवार के रूप में मेरे नाम की घोषणा की गई थी, तो मैंने अपने राजनीतिक विरोधियों सहित सभी के प्रति शिष्टाचार और सम्मान प्रर्दिशत किया था. मैंने वामपंथी उम्मीदवार के चरण स्पर्श किये थे. मैंने कभी किसी का अपमान नहीं किया.’’ देव (39) ने कहा कि राजनीति को लोगों को विभाजित नहीं करना चाहिए, बल्कि लोगों के बीच संबंधों को प्रगाढ़ करना चाहिए. अभिनेता ने कहा कि मिथुन चक्रवर्ती ने हमेशा उन्हें स्रेह किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu