‘बड़े मियां छोटे मियां’ और ‘मैदान’ फिल्मों के खराब प्रदर्शन, असर प्रदर्शनी क्षेत्र पर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 Apr 2024 09:26 PM
‘बड़े मियां छोटे मियां’ और ‘मैदान’ फिल्मों के खराब प्रदर्शन, असर प्रदर्शनी क्षेत्र पर
ऑडियो सुनें

मुंबई. त्योहार के मौके पर रिलीज हुईं बॉलीवुड की दो बड़ी फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ और ‘मैदान’ बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गईं, जिससे सिनेमा क्षेत्र को इसकी मार झेलनी पड़ी है. हिंदी फिल्मों के अभिनेता अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ की ‘बड़े मियां छोटे मियां’ और अजय देवगन की ‘मैदान’ ईद के मौके पर रिलीज हुई थीं, लेकिन ये फिल्म अधिक कमाई नहीं कर सकीं.

बिहार के सिनेमा घर मालिक विशेक चौहान ने कहा कि वित्तीय वर्ष की पहली और दूसरी तिमाही में स्थिति ‘चिंताजनक’ है. चौहान ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”जब कोई फिल्म ‘हाउसफुल’ चलती है तो कमाई होती है. लगभग 90 प्रतिशत कारोबार मंदा है. यह साल पूरी तरह बर्बाद हो गया. इसके खिलाफ सिनेमाघर संचालकों में निराशा है. सिनेमा हॉल चलाने का खर्च करीब 30,000 रुपये प्रतिदिन आता है. हमें रोजाना कम से कम एक लाख रुपये के कारोबार की आवश्यकता है, लेकिन वर्तमान में बिक्री 5,000 रुपये से 15,000 रुपये तक की ही हो रही है. तो आप अंदाजा लगा सकते हैं कि स्थिति क्या होगी.” बॉलीवुड की केवल ये दो फिल्में ही नहीं बल्कि साल की पहली तिमाही में आईं ‘फाइटर’ और ‘योद्धा’ जैसी बड़े बजट की फिल्मों का प्रदर्शन भी खराब रहा. चौहान के अनुसार, ‘फाइटर’ फिल्म ने कम से कम 25 से 27 करोड़ रुपये के साथ अच्छी शुरुआत की.

उन्होंने कहा कि वैसे तो फिल्म जगत में ईद के त्य़ोहार पर फिल्म रिलीज होना लाभदायक साबित होता है, लेकिन ‘बड़े मियां छोटे मियां’ और ‘मैदान’ के असफल रहने से ये फिल्म उद्योग के लिए नुकसानदायक साबित हुई है. हर साल ईद के मौके पर आमतौर पर सलमान खान की कोई न कोई फिल्म रिलीज होती है, लेकिन इस बार उनकी कोई भी फिल्म रिलीज नहीं हुई.

चौहान ने कहा, ”पिछले साल की तुलना में इस बार की ईद अच्छी साबित नहीं हुई. हमें 2022 में टाइगर श्रॉफ की ‘हीरोपंती 2’ और अजय देवगन की ‘रनवे 34’ को छोड़कर ईद पर कभी इतना नुकसान नहीं झेलना पड़ा.” बॉक्स ऑफिस की कमाई पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘सैकनिल्क’ के अनुसार, कथित तौर पर 300 करोड़ रुपये से अधिक के बजट से बनी ‘बड़े मियां छोटे मियां’ ने भारत में 72 करोड़ रुपये की कमाई की है. इसी तरह, 200 करोड़ रुपये से ज्यादा के बजट में बनी बताई जा रही ‘मैदान’ ने भारत में 51 करोड़ रुपये (सकल) की कमाई की है.

मध्य भारत में कुछ सिनेमाघरों के मालिक अक्षय राठी का कहना है कि इस साल बड़े बजट की फिल्मों ने पिछले साल हिट हुई ‘पठान’, ‘जवान’, ‘गदर 2’ और ‘एनिमल’ की तरह बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है. राठी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”व्यापार बहुत कम हो गया है. पिछले वर्ष की तुलना में बेहद खराब स्थिति रही है. इस साल रिलीज हो रहीं फिल्में दर्शकों को पंसद नहीं आ रही हैं. जिन फिल्मों की कहानी अच्छी है चाहे वह ‘शैतान’ हो या ‘लापता लेडीज’, दर्शक उन्हें देखने आए हैं. हमें कहानी प्रस्तुत करने के तरीके में रचनात्मक होने की आवश्यकता है.” चौहान ने आशंका जताई कि गर्मी की छुट्टियों के बावजूद दूसरी तिमाही में स्थिति ‘गंभीर’ बनी रह सकती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu