स्थगित हुए एशियाई खेलों का आयोजन 2023 में 23 सितंबर से आठ अक्टूबर तक

 कुवैत सिटी/ बीजिंग. स्थगित हुए एशियाई खेलों का आयोजन 2023 में 23 सितंबर से आठ अक्टूबर तक किया जाएगा. एशियाई ओलंपिक परिषद (ओसीए) ने मंगलवार को यह घोषणा की. एशियाई खेलों के 19वें सत्र का आयोजन इस साल 10 से 25 सितंबर तक होना था लेकिन चीन में कोरोना वायरस मामले के बढ़ने के बाद इस साल छह मई को इन खेलों को स्थगित कर दिया गया था.

ओसीए ने यहां जारी बयान में कहा, ‘‘ कार्यबल ने पिछले दो महीनों में चीन ओलंपिक समिति (सीओसी), हांग्जो एशियाई खेलों की आयोजन समिति (एचएजीओसी) और अन्य हितधारकों के साथ खेलों के आयोजन के लिए उपयुक्त समय ढूंढने काफी विचार-विमर्श किया. इन खेलों के आयोजन को अन्य प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की तारीखों से अलग रखना था.’’ उन्होंने बताया, ‘‘ कार्यबल द्वारा अनुशंसित तिथियों को ओसीए ईबी द्वारा अनुमोदित कर दिया गया है.

आयोजकों ने दावा किया कि एशियाई खेलों की तारीख किसी अन्य बड़े आयोजन से नहीं टकरायेंगी लेकिन 2023 विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप की तारीख इस स्पर्धा की शुरुआती तिथि से टकरा रही है. ओलंपिक क्वालीफाइंग स्पर्धा विश्व चैम्पियनशिप का आयोजन रूस के कार्सनोयार्क्स में 16 से 24 सितंबर तक होगा.

विश्व चैम्पियनशिप और एशियाई खेलों में भाग लेने वाले पहलवानों को बहुत कम दिनों के अंतराल में दो बड़े खेल आयोजनों में भाग लेना होगा. यह प्रतिद्वंद्वी के साथ संपर्क वाले खेल के लिए आदर्श स्थिति नहीं है. भारतीय पहलवानों को बहुत कम समय के अंदर रूस से चीन पहुंचना होगा. भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) संशोधित कार्यक्रम से संतुष्ट नहीं है.

डब्ल्यूएफआई के महासचिव विनोद तोमर ने कहा, ‘‘ विश्व चैम्पियनशिप ओलंपिक क्वालीफाइंग स्पर्धा होगी, ऐसे यूडब्ल्यूडब्ल्यू (वैश्विक कुश्ती संचालक) इसके लिए कैसे तैयार हुआ. दोनों प्रतियोगिताओं के तारीकों में बड़ा अंतराल होना चाहिये था. यूडब्ल्यूडब्ल्यू को शायद अपनी तारीखों में बदलाव करना पड़े.’’ सीओसी ने कहा, ‘‘ हम ओसीए और एचएजीओसी के साथ मिलकर खेलों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए कार्य को आगे बढ़ायेंगे.’’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button