राष्ट्रपति ने एन टी रामा राव के शताब्दी वर्ष पर स्मारक सिक्का जारी किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 28 Aug 2023 06:50 PM
राष्ट्रपति ने एन टी रामा राव के शताब्दी वर्ष पर स्मारक सिक्का जारी किया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तेलुगु फिल्मों के दिग्गज अभिनेता एवं आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत एन टी रामा राव के शताब्दी वर्ष के अवसर पर सोमवार को एक स्मारक सिक्का जारी किया. राष्ट्रपति ने कहा कि रामाराव ने एक अभिनेता के रूप में पात्रों को अपने अभिनय से जीवंत किया और असाधारण व्यक्तित्व एवं अपनी कर्मठता के बल पर भारतीय राजनीति के एक अनोखे अध्याय की रचना की.

इस अवसर पर राष्ट्रपति भवन के सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि दिवंगत नन्दमूरि तारक रामा राव जी को लोग स्नेह और सम्मान के साथ एनटीआर के नाम से याद करते हैं तथा उनकी जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में उनकी स्मृति को वह नमन करती हैं.

राष्ट्रपति ने कहा, ” दिवंगत एन टी रामा राव ने तेलुगु फिल्मों के जरिए भारतीय सिनेमा और संस्कृति को समृद्ध बनाया. उन्होंने रामायण और महाभारत के प्रमुख पात्रों को अपने अभिनय से जीवंत रूप प्रदान किया था. उनके द्वारा अभिनीत प्रभु श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के चरित्र इतने सजीव बन पड़े थे कि लोग रामा राव जी को पूजने लगे थे.” मुर्मू ने कहा कि एक अभिनेता के रूप में उनकी लोकप्रियता, एक जन-सेवक और नेता के रूप में भी उतनी ही व्यापक बनी रही.

राष्ट्रपति ने कहा कि दिवंगत एन टी रामा राव ने अपने असाधारण व्यक्तित्व और कर्मठता के बल पर भारतीय राजनीति के एक अनोखे अध्याय की रचना की तथा उनके द्वारा चलाये गए जन-कल्याण के अनेक कार्यक्रम आज भी याद किये जाते हैं. उन्होंने कहा, ”मुझे बताया गया है कि एक फिल्म में उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण, दुर्योधन और कर्ण तीनों भूमिकाओं में अद्भुत अभिनय किया था तथा सामान्य लोगों के दुख-दर्द को भी अपने अभिनय से अभिव्यक्त किया था.” राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि एन टी रामा राव ने अपनी फिल्म ‘मनुषुलु अन्ता वोक्कटे’ (सभी मनुष्य एक समान हैं) द्वारा सामाजिक न्याय और समानता का संदेश दिया था.

राष्ट्रपति ने कहा कि एन टी रामा राव जी की स्मृति में उनकी आकृति से युक्त सिक्का प्रस्तुत करने के लिए वह भारत सरकार के वित्त मंत्रालय की सराहना करती हैं. मुर्मू ने कार्यक्रम में मौजूद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एवं एनटीआर की पुत्री डॉक्टर डी पुरन्देश्वरी के संदर्भ में कहा कि उन्होंने इस स्मृति समारोह से जुड़ी पूरी प्रक्रिया को निष्ठा के साथ आगे बढ़ाया है और वह उनकी (पुरन्देश्वरी की) विशेष सराहना करती हैं. राष्ट्रपति ने कहा, ”दिवंगत रामा राव जी की पुत्री के रूप में डॉक्टर पुरन्देश्वरी जी एक असाधारण विरासत की उत्तराधिकारी हैं.” इस कार्यक्रम में एन टी रामा राव के दामाद एवं आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी मौजूद थे.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu