‘झूठ के जगद्गुरु’ हैं प्रधानमंत्री मोदी: जयराम रमेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 16 Nov 2023 08:25 PM
‘झूठ के जगद्गुरु’ हैं प्रधानमंत्री मोदी: जयराम रमेश
ऑडियो सुनें

कोटा. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कांग्रेस के खिलाफ “झूठ” फैलाने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को उन्हें ‘झूठ का जगद्गुरु’ कहा. रमेश का यह बयान ऐसे समय आया है जब मोदी ने कुछ दिन पहले विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार के दौरान राहुल गांधी को “मूर्खों का सरदार” कहा था.

रमेश ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मोदी पर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस अपने विकास और कल्याणकारी योजनाओं के कारण राजस्थान में सत्ता बरकरार रखेगी. उन्होंने कहा, ”भाजपा ‘भारतीय झूठ पार्टी’ है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसका प्रमुख चेहरा हैं. कांग्रेस में संगठन सर्वोच्च है और यह पार्टी का एकमात्र चेहरा है.” राजस्थान में 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रचार अभियान चरम पर होने के बीच रमेश ने कहा, ”आगामी विधानसभा चुनाव में हमें पूर्ण जनादेश मिलेगा और कांग्रेस राजस्थान में सरकार बनाएगी.”

रमेश ने कर्नाटक में कांग्रेस की जीत के लिए राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को श्रेय दिया और कहा कि परिणाम राजस्थान में भी दोहराया जाएगा. कांग्रेस महासचिव रमेश ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि ”वह झूठ के जगद्गुरु हैं.” उन्होंने मोदी पर प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ झूठे आरोप लगाने और दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया.

रमेश ने कहा, ”प्रधानमंत्री की झूठ की एक विशिष्ट रणनीति है… भाजपा के पास केवल तीन हथियार हैं – ईडी-सीबीआई, ध्रुवीकरण और ‘झूठ’, जबकि कांग्रेस के पास इन तीनों हथियार का मुकाबला करने के लिए विकास कार्य, किसानों की ऋण माफी, कल्याणकारी योजनाएं और प्रदेश कांग्रेस द्वारा दी गई सात गारंटी हैं.” प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का चीन निर्मित मोबाइल फोन पर उनकी टिप्पणी का मखौल उड़ाया था और उन्हें “मूर्खों का सरदार” कहा था.

मोदी ने गांधी का नाम लिए बिना कहा था, ”कल कांग्रेस के एक महाज्ञानी कह रहे थे कि भारत के लोगों के पास ‘मेड इन चाइना’ फोन होता है. अरे, मूर्खों के सरदार .. किस दुनिया में रहते हैं, ये लोग. मुझे आश्चर्य है कि उन्होंने कौन सा विदेशी चश्मा पहन रखा है. इनको अपने देश की उपलब्धि नहीं देखने की बीमारी हो गई है. आज भारत दुनिया में मोबाइल फोन का दूसरा सबसे बड़ा निर्माता बन गया है.” रमेश ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा विकास के ‘गुजरात मॉडल’ की बात करते हैं लेकिन पिछले पांच वर्षों में राजस्थान में विकास का एक नया मॉडल सामने आया है.

कांग्रेस नेता रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दावा किया था कि वह देश के संघीय ढांचे पर कोई हमला नहीं होने देंगे लेकिन सच्चाई यह है कि राज्यों को केंद्र से कोई समर्थन नहीं मिल रहा है. उन्होंने पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) और कोटा में हवाई अड्डे के निर्माण को लेकर केंद्र पर राजस्थान के खिलाफ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया. रमेश ने आरोप लगाया कि मोदी के शासन में सेना का भी राजनीतिकरण कर दिया गया है. उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने पिछली कांग्रेस नीत सरकार द्वारा शुरू की गई 15-20 योजनाओं का श्रेय हड़पने के लिए उनके नाम बदल दिए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu