प्रधानमंत्री मोदी की ”मुजरा” टिप्पणी बिहार का अपमान है: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 26 May 2024 09:21 PM
प्रधानमंत्री मोदी की ”मुजरा” टिप्पणी बिहार का अपमान है: खरगे
ऑडियो सुनें

सासाराम. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्षी नेताओं के लिए ‘मुजरा” शब्द का इस्तेमाल करने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि उन्होंने यह टिप्पणी करके ”बिहार का अपमान” किया. सासाराम लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस नेता और महागठबंधन के उम्मीदवार मनोज कुमार के पक्ष में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा, ”प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को बिहार में एक चुनावी रैली में विपक्षी नेताओं के लिए ”मुजरा” शब्द का इस्तेमाल किया… मोदी जी ने इस शब्द का इस्तेमाल कर बिहार का अपमान किया… यानी यहां मुजरा होता है. यह बिहार और उसके मतदाताओं का अपमान है.”

उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी खुद को ”तीसमारखां” मानते हैं…. वह गलतफहमी में हैं. जनता ही असली ”तीसमारखां” है. वह (प्रधानमंत्री) एक तानाशाह हैं… अगर तीसरी बार प्रधानमंत्री बने तो लोगों को कुछ भी कहने की इजाजत नहीं होगी.” कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”यह चुनाव मूलत? जनता बनाम मोदी है… राहुल बनाम मोदी नहीं.” उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री होने के नाते मोदी का सम्मान करते हैं, लेकिन “नरेन्द्र मोदी जहां भी जाते हैं, कांग्रेस पार्टी और हमारे नेताओं को बुरा-भला कहते हैं.” खरगे ने कहा, ”वह (मोदी) केवल एक ही काम जानते हैं… सोनिया जी, राहुल जी और अन्य कांग्रेस नेताओं को गाली देना. ”

उन्होंने कहा, ”मोदी के मुताबिक, देश में पहले के नेताओं ने विकास का कोई काम नहीं किया. सबकुछ इनके ही कार्यकाल में हुआ है.” खरगे ने कहा, ”आजकल नरेन्द्र मोदी अजीबोगरीब बात कर रहे हैं. वो भ्रम फैलाते हैं कि कांग्रेस लोगों की भैंस, जमीनें और मंगलसूत्र छीन लेगी. नरेन्द्र मोदी ऐसी बेकार की बातें तो करते हैं, लेकिन महंगाई, बेरोजगारी और भुखमरी की बात नहीं करते.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर विरासत कर लगाने का प्रधानमंत्री का आरोप ‘झूठ’ है.

खरगे ने कहा, ”मैं हमेशा बोलता हूं कि प्रधानमंत्री झूठों के सरदार हैं और वह देश को डूबा कर रखेंगे. जैसी स्थिति देश की आजादी के पहले लोगों की थी वैसी स्थिति हो जाएगी. हमें ये सुनिश्चित करना है कि देश तानाशाही की तरफ न जाए. अगर आप आज ‘इंडिया’ गठबंधन की मदद नहीं करेंगे, तो हालात और बुरे हो जाएंगे.” कांग्रेस अध्यक्ष ने मोदी पर प्रहार जारी रखते हुए कहा, ”वह तानाशाह हैं, जो सच बोलने और लिखने वालों को जेल में डाल देते हैं. आज सच्चाई दिखाने और जनता की आवाज उठाने वाले लोगों को दबाया जा रहा है.”

उन्होंने कहा, ”नरेन्द्र मोदी लोगों को बांटने का काम करते हैं जबकि कांग्रेस देश को एकजुट रखने का काम करती है. तभी तो राहुल गांधी जी ने ”भारत जोड़ो यात्रा” की और कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल चले.” खरगे ने कहा, ”नरेन्द्र मोदी जी, आप अमीरों के बजाए गरीबों को गले लगाइए, देश की उन्नति और प्रगति हो जाएगी.” उन्होंने कहा, ”अगर कांग्रेस सत्ता में आती है, तो जाति जनगणना कराएगी ताकि इन वर्गों को कल्याण और विकास में उनका उचित हिस्सा मिल सके. कांग्रेस युवाओं को रोजगार देगी, महिलाओं को सालाना एक लाख रुपये देगी. हम किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य और मनरेगा श्रमिकों को प्रतिदिन 400 रुपये न्यूनतम मजदूरी देने का वादा करते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu