
रायपुर. छत्तीसगढ़ में दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार समाप्त होने से एक दिन पहले कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने मंगलवार शाम को राजधानी रायपुर में रोड शो किया . छत्तीसगढ़ में इस महीने की 17 तारीख को विधानसभा की 70 सीटों के लिए मतदान होगा.
शहर के राजीव गांधी चौक पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद प्रियंका एक ट्रक में बने रथ में सवार हुई. उनके साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राजधानी रायपुर की अलग-अलग सीटो के कांग्रेस प्रत्याशी भी मौजूद थे. प्रियंका के रथ पर ‘जय श्री राम’ लिखा हुआ था.
देशभक्तिपूर्ण गीतों की तेज आवाज के बीच रथ धीरे-धीरे शहर के तेलघानी चौक की ओर बढ़ा और एक घंटे से अधिक समय में लगभग सात किलोमीटर की दूरी तय कर स्टेशन रोड पर यह समाप्त हुआ. रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और कांग्रेस उम्मीदवार – महंत रामसुंदर दास (रायपुर शहर दक्षिण), पंकज शर्मा (रायपुर ग्रामीण), कुलदीप जुनेजा (रायपुर शहर उत्तर) और विकास उपाध्याय (रायपुर शहर पश्चिम) वाद्रा के साथ रथ में सवार थे. प्रियंका के रोड शो में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे तथा पार्टी के झंडे थामे हुए थे.
कांग्रेस महासचिव सड़क और आसपास की इमारतों में जमा भीड़ को देखकर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन कर रही थीं. प्रियंका ने ‘एक्स’ पर रोड शो की तस्वीरें साझा की और लिखा, ”आज छत्तीसगढ़ के रायपुर में विशाल रोड शो में हिस्सा लिया. चारों तरफ से बरस रहा लोगों का स्नेह और आशीर्वाद पाकर अत्यंत खुशी हुई. इस प्यार और सम्मान के लिए धन्यवाद रायपुर.छत्तीसगढ़ में फिर से कांग्रेस.” कांग्रेस की छत्तीसगढ़ इकाई ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट कर रोड शो के बारे में लिखा, ”प्रियंका जी के इस रोड शो को लेकर जनता का यह उत्साह बता रहा है कि कांग्रेस ने जनता का भरोसा जीता है, हर वर्ग कांग्रेस के साथ मजबूती के साथ खड़ा है और इस बार 75 पार के साथ हम प्रदेश में दोबारा कांग्रेस की सरकार बनाने जा रहे हैं.”
कांग्रेस ने लिखा, ”मातृ शक्ति की बुलंद आवाज श्रीमती प्रियंका गांधी वाद्रा जी को लेकर हमारी माताएं-बहनें बेहद उत्साहित हैं. उन्हें पूर्ण भरोसा है कांग्रेस की सरकार न केवल उन्हें सालाना 15 हजार रुपए देगी, बल्कि हर बार सिलेंडर भरवाने पर पांच सौ रुपए की सब्सिडी भी देगी.” प्रियंका का रोड शो शहर के कोतवाली चौक, सत्ती बाजार, ब्राह्मण पारा, शीतला माता चौक, आरडी तिवारी स्कूल, अमापारा चौक और अग्रसेन चौक से भी गुजरा.
शहर के भीड़ भरे इलाकों से गुजरे इस रोड शो की सुरक्षा में बड़ी संख्या में सुरक्षाबल के जवानों को तैनात किया गया था.
छत्तीसगढ़ की कुल 90 विधानसभा सीटों में से 20 पर सात नवंबर को मतदान हुआ था. शेष 70 सीटों पर 17 नवंबर को मतदान होगा. बुधवार शाम को दूसरे चरण का चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा. विधानसभा चुनाव मतगणना तीन दिसंबर को होगी.



