मनोज मिश्रा
रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जकेला में इवनिंग वॉक पर निकले डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर कपुरचंद गुप्ता के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोपियों ने प्रोफेसर को रास्ते में पकड़कर आंखों पर पट्टी बांधी और चाकू की नोक पर जान से मारने की धमकी देते हुए मोटरसाइकिल से पंडरीपानी ले गए। वहां मारपीट कर मोबाइल का पासवर्ड, गूगल पे और भीम ऐप की जानकारी हासिल की गई। इसके बाद एक महिला के खाते का क्यू आर कोड मंगवाकर प्रोफेसर के खाते से करीब एक लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए।
रकम ट्रांसफर कराने के बाद आरोपियों ने प्रोफेसर को पंडरीपानी स्थित एक कमरे में बंधक बनाकर रखा। परिजनों को घटना का संदेह हुआ और वे लोकेशन का पता लगाते हुए पंडरीपानी पहुंचे। इसकी भनक लगते ही आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुसौर पुलिस ने प्रोफेसर को सकुशल रेस्क्यू किया। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर जकेला निवासी सुनील सारथी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुसौर थाने में धारा 140(3), 309(6), 142 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम-
05 अक्टूबर की शाम 6 से 7 बजे के बीच की घटना
प्रोफेसर कपुरचंद गुप्ता जकेला में डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे। थकान लगने पर वे सड़क किनारे डबरी के पास माइलस्टोन पर बैठकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान दो व्यक्ति उनके पास पहुंचे और उन्हें पकड़कर डबरी की ओर ले गए। आंखों पर पट्टी बांधने के बाद पेट, गर्दन और छाती पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी गई।
चाकू की नोक पर खुलवाया यूपीआई –
आरोपी प्रोफेसर को मोटरसाइकिल से पंडरीपानी ले गए। वहां मारपीट कर उनके मोबाइल फोन का पासवर्ड और बैंकिंग एप की जानकारी हासिल की संबंधित पासवर्ड एवं अन्य जानकारी हासिल की गई। इसके बाद आरोपियों ने एक महिला से संपर्क कर उसका क्यू आर कोड मंगवाया और प्रोफेसर के बैंक खाते से लगातार रकम ट्रांसफर कराई। इस दौरान आरोपियों ने प्रोफेसर को धमकाकर घर फोन भी करवाया और परिजनों को कुशल-मंगल होने की बात कहने के लिए मजबूर किया, ताकि अपहरण की जानकारी तत्काल परिवार तक न पहुंच सके।
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन-
पुसौर पुलिस ने सकुशल बरामद किया प्रोफेसर को
परिजनों से सूचना मिलने के बाद पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल पंडरीपानी पहुंचे। पुलिस ने प्रोफेसर को सकुशल रेस्क्यू कर थाने लाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की और लगातार दबिश देते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर जकेला निवासी सुनील सारथी को हिरासत में ले लिया।
चार आरोपियों ने मिलकर बनाई थी योजना –
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में हिरासत में लिए गए आरोपी सुनील सारथी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रोफेसर के अपहरण और यूपीआई के जरिए रकम ट्रांसफर कराने की योजना में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस ने अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
अपहरण जैसी गंभीर घटनाओं में पुलिस की प्राथमिकता पीड़ित की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी होती है। पुसौर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए पीड़ित को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। घटना में शामिल सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
— शशि मोहन सिंह, एसएसपी