भारत में आतंकवाद, धर्मांतरण के लिये होता है ‘विदेशी हाथों’ में जाने वाले मुनाफे का इस्तेमाल : योगी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 05 Aug 2025 09:32 PM
भारत में आतंकवाद, धर्मांतरण के लिये होता है ‘विदेशी हाथों’ में जाने वाले मुनाफे का इस्तेमाल : योगी
ऑडियो सुनें

अलीगढ़. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ को अपनाने का आह्वान करते हुए मंगलवार को दावा किया कि दूसरे देशों में निर्मित सामान खरीदने पर ‘विदेशी हाथों’ में जाने वाले मुनाफे का इस्तेमाल भारत में आतंकवाद, नक्सलवाद, धर्मांतरण और लव जिहाद फैलाने के लिये किया जाता है.

अलीगढ़ में 958 करोड़ रुपये की 186 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का पुरजोर आह्वान किया और कहा, ”हमारा पैसा अगर हमारे ही कारीगरों और हस्तशिल्पियों के पास जाएगा तो यह विकास और समृद्धि का आधार बनेगा लेकिन अगर हमारा ही पैसा विदेशी हाथों में जाएगा तो वह मुनाफा आतंकवाद के रूप में, धर्मांतरण के रूप में, विस्फोट के रूप में भारत को अस्थिर करने के लिए देश के खिलाफ ही इस्तेमाल किया जाएगा. इसीलिए स्वदेशी आज की आवश्यकता है.” अमेरिका द्वारा भारत पर भारी शुल्क लगाने के ऐलान के मद्देनजर प्रधानमंत्री मोदी द्वारा पिछली दो अगस्त को वाराणसी में स्वदेशी अपनाने के आह्वान के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह बयान दिया है.

आदित्यनाथ ने कहा, ”याद रखना, वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में जब कोई पर्व और त्योहार आता था तो उससे पहले प्रदेश में चीन के सामान छा जाया करते थे लेकिन 2018 के बाद जब ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना को हम लोगों ने लागू किया तो हमारे कारीगरों ने बाजार की मांग के अनुसार उत्पाद बनाने शुरू किये.” उन्होंने किसी देश का नाम लिये बगैर कहा, ”मुनाफा विदेशी हाथों में चला जाएगा तो आतंकवाद को, नक्सलवाद को, धर्मांतरण को, लव जिहाद को यह पैसा उपलब्ध करवा कर हमारा ही पैसा हमारे खिलाफ कैसे इस्तेमाल होता है, इसका नजारा हम लोगों ने आजादी के पहले भी देखा है और उसके बाद भी लगातार देख रहे हैं. इसीलिए प्रधानमंत्री ने जो स्वदेशी का आह्वान किया है, हमारा प्रयास होना चाहिए कि चाहे दैनिक जीवन हो या पर्व अथवा त्योहार हो हम स्वदेशी को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं.”

मुख्यमंत्री ने कहा, ”स्वदेशी कभी देश के अंदर भारत की स्वाधीनता का आधार बना था. स्वदेशी को लेकर कभी लोगों ने बापू (महात्मा गांधी) के सपने को साकार करने के लिए उनके आह्वान पर देश के अंदर अलग-अलग आंदोलन प्रारंभ किए थे. आज हमारी आवश्यकता है कि हम नौ अगस्त को रक्षाबंधन, 16 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और उसके बाद दो अक्टूबर को विजयदशमी और फिर दीपावली व अन्य त्योहारों पर स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं.” आदित्यनाथ ने अप्रैल में हुए पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ चलाये गये आपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि उस अभियान में इस्तेमाल की गयी ब्रह्मोस मिसाइल अब उत्तर प्रदेश में भी बनने लगी हैं. उन्होंने कहा, ”ब्रह्मोस मिसाइल जैसी कोई मिसाइल आज दुनिया में किसी और के पास नहीं है और यही कारण है कि ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत ने पाकिस्तान को पसीने-पसीने कर दिया और पाकिस्तान ही नहीं बल्कि भारत के हर दुश्मन के पसीने छुड़ाने का काम अगर किसी ने किया तो वह यही मिसाइल है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu