राहुल गांधी अगले दो दिन में छत्तीसगढ़ में चार चुनावी रैली को करेंगे संबोधित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 27 Oct 2023 09:15 PM
राहुल गांधी अगले दो दिन में छत्तीसगढ़ में चार चुनावी रैली को करेंगे संबोधित
ऑडियो सुनें

रायपुर. कांग्रेस नेता राहुल गांधी छत्तीसगढ़ में अगले दो दिन में चार चुनावी रैली को संबोधित करेंगे. पार्टी के एक पदाधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. पार्टी के संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 28 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11:45 बजे रायपुर पहुंचेंगे. इसके बाद वह भानुप्रतापपुर निर्वाचन क्षेत्र के लिए रवाना होंगे जहां वह दोपहर एक बजे पहली रैली को संबोधित करेंगे.

शुक्ला ने बताया कि इसके बाद गांधी दोपहर 2:40 बजे बस्तर क्षेत्र के ही कोंडागांव विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत फरसगांव में एक अन्य रैली को संबोधित करेंगे. उन्होंने बताया कि अगले दिन 29 अक्टूबर को गांधी की रैली राजनांदगांव और कवर्धा निर्वाचन क्षेत्रों में क्रमश? दोपहर एक बजे और दोपहर 2:50 बजे होगी.

यह सभी चार विधानसभा क्षेत्र उन 20 सीट के अंतर्गत आते हैं जहां सात नवंबर को पहले चरण में मतदान होगा. शेष 70 निर्वाचन क्षेत्रों में 17 नवंबर को दूसरे चरण में मतदान होगा. वोटों की गिनती तीन दिसंबर को होगी. वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने भानुप्रतापपुर, कोंडागांव और कवर्धा में जीत हासिल की थी तथा राजनांदगांव में हार गई थी. पार्टी ने इस चुनाव में भानुप्रतापपुर से सावित्री मंडावी को, कोंडागांव से मंत्री मोहनलाल मरकाम, कवर्धा से मंत्री मोहम्मद अकबर और राजनांदगांव से गिरीश देवांगन को अपना उम्मीदवार बनाया है.

देवांगन का मुकाबला पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के उम्मीदवार रमन सिंह से है. वहीं मंडावी के खिलाफ भाजपा ने गौतम उइके को, मरकाम के खिलाफ पूर्व मंत्री लता उसेंडी को तथा अकबर के खिलाफ विजय शर्मा को चुनाव मैदान में उतारा है. वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने कुल 90 सीट में से 68 सीट जीती थी, जबकि भाजपा 15 सीट पर जीत हासिल कर दूसरे स्थान पर थी. जेसीसी (जे) को पांच सीट मिली और उसकी सहयोगी बसपा को दो सीट मिली थी. कांग्रेस के पास वर्तमान में 71 सदस्य हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu