मोदी-मोदी के नारे लगाने वालों से मिले राहुल, दिया ‘फ्लाइंग किस’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 12 Feb 2024 08:43 PM
मोदी-मोदी के नारे लगाने वालों से मिले राहुल, दिया ‘फ्लाइंग किस’

ऑडियो सुनें

कोरबा. कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान वाहन से उतरकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समर्थन में नारे लगाने वाले लोगों से मिले और उनसे हाथ मिलाया. कांग्रेस ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर इसका वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ”मोहब्बत में बहुत ताकत होती है. भाजपा के कार्यकर्ता भारत जोड़ो न्याय यात्रा का विरोध करने के लिए खड़े थे. लेकिन जब यात्रा वहां से गुजरी और जननायक राहुल गांधी जी उनसे मिले तो नजारा कुछ यूं बना.” जब गांधी की यात्रा कोरबा से कटघोरा के रास्ते में ढोढ़ीपारा से गुजर रही थी तब सड़कों पर बड़ी संख्या में भगवा ध्वज लिए लोगों ने ‘जय श्री राम’ और मोदी-मोदी के नारे लगाने शुरू कर दिए.

वीडियो में देखा जा सकता है कि इसे देखकर गांधी ने उनकी ओर हाथ हिलाया और खुली जीप से नीचे उतर गए. इसके बाद गांधी उनकी ओर बढ़े और भीड़ में से कई लोगों ने चेहरे पर मुस्कान के साथ उनसे हाथ मिलाया. गांधी उनकी तरफ हाथ हिलाते हुए अपने वाहन की ओर लौटे और कांग्रेस नेता को उनकी ओर ‘फ्लाइंग किस’ करते देखा गया. गांधी की यात्रा ने आठ फरवरी को पड़ोसी राज्य उड़ीसा से छत्तीसगढ़ में प्रवेश किया था. दो दिन के विराम के बाद यात्रा 11 फरवरी को रायगढ़ जिले से फिर से शुरू हुई थी. यह रविवार को रायगढ़ और सक्ती जिलों से गुजरी. सोमवार को यात्रा कोरबा शहर से शुरू हुई.

By Yogesh Kumar Sahu