रायपुर: दो लोगों की हत्या के आरोप में दो नाबालिगों समेत छह लोग पकड़े गए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 31 Dec 2024 10:22 PM
रायपुर: दो लोगों की हत्या के आरोप में दो नाबालिगों समेत छह लोग पकड़े गए
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने दो लोगों की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या करने के आरोप में दो नाबालिगों समेत छह लोगों को पकड़ा है. पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों बताया कि शहर के चंगोराभाटा इलाके में दो लोगों की हत्या के आरोप में पुलिस ने खाम सिंह साहू (47), उसके बेटे दुर्गेश (23) और एवन कुमार (18), डालेंद्र साहू (18) को गिरफ्तार करने के साथ 16 और 17 साल के दो लड़कों को भी हिरासत में लिया है.

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात को कृष्णा यादव (27) और सचिन बडोले (29) की हत्या कर दी थी. अधिकारियों ने बताया कि आरोपी और मृतक डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाटा इलाके के निवासी थे और वे एक-दूसरे को जानते थे. उन्होंने बताया कि घटना रात करीब एक बजे चंगोराभाटा इलाके के काला पुतला चौक मैदान में हुई, जब आरोपी अलाव ताप रहे थे. इस दौरान वहां मौजूद यादव और बडोले शराब पी रहे थे.

अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान उनके बीच बहस शुरू हो गई और गुस्से में आकर आरोपियों ने यादव और बडोले की हत्या कर दी. आरोपियों ने उनके सिर पत्थर से कुचल दिए. उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को नजदीकी अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

अधिकारियों ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू की गई है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के बाद छह लोगों ने अपराध कबूल कर लिया है. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने यादव और बडोले की हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर जब्त कर लिया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu