राजथान ने कठुआ आतंकी हमले पर दुख जताया, रक्षा सचिव ने कहा-बुरी ताकतों को हराएगा भारत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 09 Jul 2024 08:58 PM
राजथान ने कठुआ आतंकी हमले पर दुख जताया, रक्षा सचिव ने कहा-बुरी ताकतों को हराएगा भारत
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर के कठुआ में आतंकवादी हमले में पांच जवानों की मौत पर मंगलवार को ‘गहरा दुख’ व्यक्त किया. वहीं, रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने ने कहा कि कठुआ हमले में पांच जवानों की मौत का बदला लिया जाएगा और भारत इसके पीछे की बुरी ताकतों को हराएगा. सोमवार को कठुआ के बदनोटा इलाके में भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने एक गश्ती दल पर घात लगाकर हमला किया था, जिसमें पांच जवान शहीद हो गए थे और कई घायल हो गए थे.

राजनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “कठुआ (जम्मू-कश्मीर) के बदनोटा में आतंकवादी हमले में हमारे पांच बहादुर सैनिकों की मौत से मुझे गहरा दुख हुआ है.” उन्होंने कहा, “शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, इस कठिन समय में राष्ट्र उनके साथ मजबूती से खड़ा है. आतंकवाद विरोधी अभियान जारी है. हमारे सैनिक क्षेत्र में शांति और व्यवस्था कायम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.” रक्षा मंत्री ने कहा, “मैं इस कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले में घायल हुए जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.”

रक्षा सचिव अरमाने ने भी हमले में “पांच बहादुर सैनिकों की मौत पर गहरा दुख” जताया. उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की. अरमाने ने कहा, “राष्ट्र के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा. उनके बलिदान का बदला लिया जाएगा और भारत हमले के पीछे की बुरी ताकतों को हराएगा.” रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने अरमाने की प्रतिक्रिया सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu