रश्मिका मंदाना को भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र का राष्ट्रीय ब्रांड एंबेसडर बनाया गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 15 Oct 2024 08:54 PM
रश्मिका मंदाना को भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र का राष्ट्रीय ब्रांड एंबेसडर बनाया गया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अभिनेत्री रश्मिका मंदाना को मंगलवार को भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) का राष्ट्रीय ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया. आई4सी भारत में साइबर अपराध से निपटने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की एक पहल है. ‘पुष्पा : द राइज’, ‘डियर कॉमरेड’ और ‘एनिमल’ जैसी फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से पहचान बनाने वाली रश्मिका साल की शुरुआत में तब सुर्खियों में आई थीं, जब सोशल मीडिया पर उनका एक ‘डीप फेक’ वीडियो बड़े पैमाने पर प्रसारित हुआ था.

साइबर अपराध का दंश झेल चुकी रश्मिका ने कहा, “हमारी ऑनलाइन दुनिया की रक्षा करने के लिए कड़े उपाय करने का समय आ गया है.” उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, “आइए हम सब मिलकर खुद के लिए और आने वाली पीढि.यों के लिए एक सुरक्षित साइबर स्पेस बनाएं. मैं आई4सी की ब्रांड एंबेसडर के रूप में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ अधिक से अधिक लोगों को साइबर अपराधों से बचाना चाहती हूं. मुझे और भारत सरकार को आपकी मदद करने दीजिए.” इंस्टाग्राम पर रश्मिका को 4.42 करोड़, जबकि ‘एक्स’ पर 49 लाख लोग फॉलो करते हैं. अभिनेत्री ने लोगों से 1930 पर कॉल करके या वेबसाइट पर जाकर साइबर अपराधों की शिकायत करने की अपील की.

‘एक्स’ पर गृह मंत्रालय के साइबर सुरक्षा और साइबर सुरक्षा जागरूकता हैंडल ‘साइबर दोस्त’ पर रश्मिका का आई4सी की राष्ट्रीय ब्रांड एंबेस्डर के रूप में स्वागत किया गया. ‘साइबर दोस्त’ पर जारी एक पोस्ट में कहा गया, “पूरे भारत में लोकप्रिय रश्मिका मंदाना को आई4सी की राष्ट्रीय ब्रांड एंबेसडर नियुक्त करके खुशी हो रही है. हम भारत के डिजिटल परिदृश्य को मजबूत करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं. हम साइबर अपराधों का डटकर मुकाबला करेंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu