रिलायंस, टाटा समूह ‘टाइम’ की सबसे प्रभावशाली कंपनियों में शामिल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 May 2024 10:50 PM
रिलायंस, टाटा समूह ‘टाइम’ की सबसे प्रभावशाली कंपनियों में शामिल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. रिलायंस इंडस्ट्रीज और टाटा समूह को प्रतिष्ठित पत्रिका ‘टाइम’ की वर्ष 2024 की दुनिया की 100 सबसे प्रभावशाली कंपनियों की सूची में जगह मिली है. टाइम की सूची में रिलायंस को दूसरी बार जगह दी गई है. समूह की डिजिटल संपत्तियों को रखने वाली फर्म जियो प्लेटफॉर्म्स को 2021 में आई पहली टाइम 100 सबसे प्रभावशाली कंपनियों की सूची में शामिल किया गया था.
टीका विनिर्माता सीरम इंस्टिट्यूट इस सूची में शामिल एक अन्य भारतीय कंपनी है.

टाइम ने रिलायंस को ‘टाइटन’ श्रेणी में सूचीबद्ध किया है. सूची की पांच श्रेणियों में लीडर, डिसरप्टर, इनोवेटर और पायनियर भी शामिल हैं. टाटा को भी ‘टाइटन’ श्रेणी में सूचीबद्ध किया गया है जबकि सीरम इंस्टिट्यूट को ‘पायनियर’ श्रेणी में जगह दी गई है. टाइम ने रिलायंस को भारत की सबसे मूल्यवान कंपनी बताते हुए कहा है कि मुकेश अंबानी की अगुवाई में इसने ऊर्जा, खुदरा और दूरसंचार क्षेत्रों में भी कदम रखते हुए अपना विस्तार किया है. इसमें डिज्नी के भारतीय कारोबार के साथ रिलायंस के प्रसारण कारोबार के विलय संबंधी 8.5 अरब डॉलर के सौदे का भी जिक्र किया गया है.

टाइम ने सीरम इंस्टिट्यूट को दुनिया की सबसे बड़ी टीका विनिर्माता कंपनी बताते हुए कहा है कि यह हर साल 3.5 अरब टीके की खुराक बनाती है. अमेरिकी पत्रिका ने टाटा समूह का जिक्र करते हुए कहा है कि इसके पास इस्पात, सॉफ्टवेयर, घड़ियां, समुद्री केबल और रसायन से लेकर नमक, अनाज, एयर-कंडीशनर, फैशन और होटल तक का विशाल पोर्टफोलियो है.

टाइम ने कहा, ”फरवरी में टाटा का संयुक्त बाजार पूंजीकरण 365 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया जो भारत के पड़ोसी और प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान की समूची अर्थव्यवस्था से भी अधिक है.” यह दुनिया की 100 सबसे प्रभावशाली कंपनियों की टाइम सूची का चौथा संस्करण है. इसमें दुनियाभर में असाधारण प्रभाव डालने वाली कंपनियों को शामिल किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu