राकांपा में टूट: अजित पवार खेमा ने कोई रास्ता निकालने का आग्रह किया, शरद पवार ने चुप्पी साध ली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 17 Jul 2023 10:14 PM
राकांपा में टूट: अजित पवार खेमा ने कोई रास्ता निकालने का आग्रह किया, शरद पवार ने चुप्पी साध ली
ऑडियो सुनें

मुंबई. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार ने सोमवार को अपने भतीजे अजित पवार के नेतृत्व वाले राकांपा गुट से पूछा कि वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में कोई रास्ता कैसे ढूंढा जा सकता है, जब वे पहले ही सार्वजनिक रूप से अपना रुख स्पष्ट कर चुके हैं.
राकांपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष जयंत पाटिल ने यह खुलासा उस वक्त किया, जब उप मुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाले राकांपा गुट के 15 विधायकों ने दोपहर में यहां वाई बी चव्हाण सेंटर में शरद पवार से मुलाकात की और उनसे यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि पार्टी एकजुट रहे.

पिछले कुछ दिनों में राकांपा प्रमुख के साथ अजित पवार की यह दूसरी मुलाकात थी. रविवार को उपमुख्यमंत्री और उनके खेमे के कुछ मंत्रियों ने वाई बी चव्हाण सेंटर में शरद पवार से मुलाकात की. अजित पवार खेमे ने कहा कि वे मौजूदा स्थिति में शरद पवार का आशीर्वाद और मार्गदर्शन चाहते हैं, लेकिन शरद ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी.

पाटिल ने संवाददाताओं से कहा, ”जिन लोगों ने अलग रास्ता (अजित पवार खेमा ने) अपनाया, वे आज शरद पवार से मिलने आए और उनसे मौजूदा स्थिति से बाहर निकलने का कोई रास्ता सुझाने का अनुरोध किया.” पाटिल ने कहा, ”अजित पवार ने उनसे (शरद पवार से) समाधान निकालने और कोई रास्ता सुझाने को कहा.” बैठक के बारे में पाटिल ने कहा कि राकांपा के मंत्रियों और कुछ विधायकों ने शरद पवार से मुलाकात की. पाटिल ने शरद पवार के हवाले से कहा, ”शरद पवार ने उन्हें बताया कि राकांपा नेता जनता के बीच गए थे और अपना रुख स्पष्ट रूप से व्यक्त किया था. उन्होंने उनसे पूछा कि ऐसी स्थिति में कोई रास्ता कैसे निकाला जा सकता है?”

यह पूछे जाने पर कि शरद पवार सार्वजनिक रूप से सामने आकर अपना रुख स्पष्ट क्यों नहीं कर रहे हैं, पाटिल ने कहा, ”पवार ने पिछले हफ्ते नासिक जिले में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित किया था, जहां उन्होंने अपना रुख स्पष्ट किया था. उनसे यह उम्मीद करने का कोई मतलब नहीं है कि वह लोगों के सामने आएंगे और अपना पक्ष रखेंगे.” राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ”अगर वे (अजित गुट) फिर से शरद पवार से मिलना चाहते हैं तो वे आ सकते हैं. राजनीति में बातचीत बंद नहीं होना चाहिए.” बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि उन्होंने शरद पवार से फिर से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि राकांपा एकजुट रहे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu