रूस ने क्रिसमस के दिन यूक्रेन की विद्युत प्रणाली को निशाना बनाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 25 Dec 2024 08:51 PM
रूस ने क्रिसमस के दिन यूक्रेन की विद्युत प्रणाली को निशाना बनाया
ऑडियो सुनें

कीव. रूस ने बुधवार को यूक्रेन की विद्युत प्रणाली को निशाना बनाते हुए बड़ा मिसाइल और ड्रोन हमला किया. हमले में एक ताप बिजली संयंत्र को निशाना बनाया गया और यूक्रेनी लोगों को क्रिसमस की सुबह मेट्रो स्टेशनों में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा. यूक्रेनी वायुसेना ने कहा कि यूक्रेन के ईंधन और ऊर्जा स्रोतों पर हवा, जमीन और समुद्र से 78 मिसाइल दागे जाने के साथ ही 106 ‘शाहेद’ और अन्य प्रकार के ड्रोन से हमले किये गये.

इस बीच, रूस में व्लादिकाव्काज शहर में गिराए गए एक ड्रोन का मलबा गिरने से एक शॉपिंग मॉल में आग लग गई, जिससे एक महिला की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए. रूस के उत्तरी ओसेतिया-अलानिया गणराज्य के प्रमुख गवर्नर सर्गेई मेन्यायलो ने कहा कि सुरक्षा फुटेज से पता चला है कि विस्फोट बुधवार सुबह अलानिया मॉल के बाहर हुआ.

यूक्रेन के निप्रो क्षेत्र पर रूस के हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई. उपप्रधानमंत्री ओलेक्सी कुलेबा ने टेलीग्राम पर कहा कि 155 आवासीय भवनों में बिजली बाधित हो गई. उन्होंने यह भी कहा कि खारकीव क्षेत्र में पांच लाख लोग बिजली से वंचित हैं.
यूक्रेनी विदेश मंत्री एंड्री साइबिहा ने कहा कि एक रूसी मिसाइल मोल्दोवन और रोमानियाई हवाई क्षेत्र से गुजरी.

इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने ‘एक्स’ पर एक बयान में कहा, ”पुतिन ने जानबूझकर हमले के लिए क्रिसमस का दिन चुना. इससे अधिक अमानवीय क्या हो सकता है?” यूक्रेनी ऊर्जा मंत्री हरमन हालुशेंको ने फेसबुक पर दिए एक बयान में कहा कि रूस ने फिर से ”ऊर्जा अवसंरचना पर बड़े पैमाने पर हमला किया है.” हालुशेंको ने कहा, ”(बिजली) वितरण प्रणाली संचालक ने बिजली प्रणाली को हुई क्षति के प्रभाव को सीमित करने के लिए खपत न्यूनतम करने के उपाय किए हैं. जैसे ही सुरक्षा स्थिति अनुकूल होगी विद्युतकर्मी नुकसान का आकलन करेंगे.” यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि रूस द्वारा देश के पूर्व में खारकीव, निप्रो और पोल्टावा क्षेत्रों पर कई मिसाइल दागी गईं.

सरकारी ऊर्जा संचालक ‘यूक्रेनर्गो’ ने ”बड़े पैमाने पर मिसाइल हमले” के कारण देश भर में बिजली कटौती लागू की, जिसके कारण राजधानी कीव के कई जिलों में बिजली गुल हो गई. यूक्रेन की सबसे बड़ी निजी बिजली कंपनी डीटीईके ने कहा कि रूस ने बुधवार सुबह उसके एक ताप विद्युत संयंत्र पर हमला किया. इसने बताया कि इस वर्ष यूक्रेन की विद्युत ग्रिड पर रूस का यह 13वां हमला है.

डीटीईके के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मैक्सिम टिमचेंको ने ‘एक्स’ पर कहा, ”क्रिसमस मना रहे लाखों शांतिप्रिय लोगों को भीषण सर्दी में बिजली से वंचित करना एक पथभ्रष्ट और शैतानी कार्य है, जिसका जवाब दिया जाना चाहिए.” क्षेत्रीय प्रमुख ओलेह सिनीहुबोव ने टेलीग्राम पर कहा कि खारकीव को निशाना बनाकर कम से कम सात हमले किए गए, जिससे शहर में जगह-जगह आग लग गई. स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि कम से कम तीन लोग घायल हुए हैं.

खारकीव के मेयर इहोर तेरखोव ने कहा, ”खारकीव बड़े पैमाने पर मिसाइल हमले की चपेट में है. शहर में सिलसिलेवार विस्फोट हुए और अभी भी शहर की दिशा में बैलिस्टिक मिसाइल उड़ रही हैं. सुरक्षित स्थानों पर रहें.” रूस के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को अपनी सुबह की रिपोर्ट में कहा कि उसने रात भर में अज.ोव सागर सहित बेलगोरोद, वोरोनिश, कुर्स्क, ब्रांस्क और तांबोव क्षेत्रों के साथ-साथ 59 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया. क्षेत्रीय प्रमुख अलेक्जेंडर खिनशेटिन ने कहा कि कुर्स्क क्षेत्र के लगोव शहर में यूक्रेनी गोलाबारी के परिणामस्वरूप चार लोग मारे गए. उन्होंने कहा कि कई आवासीय ब्लॉक और एक ब्यूटी सैलून को निशाना बनाए जाने से तीन लोगों की मौत हो गई तथा एक अन्य व्यक्ति की बाद में अस्पताल में मौत हो गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu