श्रमिकों को सुरंग से सकुशल निकालने के जज्बे को सलाम : मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 28 Nov 2023 10:49 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. उत्तराखंड में उत्तरकाशी जिले के सिल्क्यारा में निर्माणाधीन सुरंग में फंसे सभी 41 श्रमिकों को बाहर निकाले जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बचाव अभियान से जुड़े सभी लोगों के जज्बे को सलाम किया. इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने सुरंग में फंसे श्रमिकों के साहस और धैर्य की सराहना की तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की.

सुरंग से सभी श्रमिकों को सकुशल बाहर निकाले जाने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, ”मैं इस बचाव अभियान से जुड़े सभी लोगों के जज्बे को भी सलाम करता हूं. उनकी बहादुरी और संकल्प-शक्ति ने हमारे श्रमिक भाइयों को नया जीवन दिया है. इस मिशन में शामिल हर किसी ने मानवता और टीम वर्क की एक अद्भुत मिसाल कायम की है.” उन्होंने कहा, ”टनल (सुरंग) में जो साथी फंसे हुए थे, उनसे मैं कहना चाहता हूं कि आपका साहस और धैर्य हर किसी को प्रेरित कर रहा है. मैं आप सभी की कुशलता और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं.” मोदी ने कहा कि उत्तरकाशी में हमारे श्रमिक भाइयों के बचाव अभियान की सफलता हर किसी को भावुक कर देने वाली है.

उन्होंने लिखा, ”यह अत्यंत संतोष की बात है कि लंबे इंतजार के बाद अब हमारे ये साथी अपने प्रियजनों से मिलेंगे. इन सभी के परिजनों ने भी इस चुनौतीपूर्ण समय में जिस संयम और साहस का परिचय दिया है, उसकी जितनी भी सराहना की जाए वो कम है.” सिलक्यारा सुरंग में पिछले 17 दिन से फंसे सभी श्रमिकों को बाहर निकाला जा चुका है. चारधाम यात्रा मार्ग पर बन रही सुरंग का एक हिस्सा 12 नवंबर को ढह गया था, जिससे उसमें 41 श्रमिक फंस गए थे.

राष्ट्र सुरंग से निकाले गए श्रमिकों की जीवटता को सलाम करता है : राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को उत्तराखंड में एक सुरंग में फंसे श्रमिकों को बचाए जाने पर खुशी व्यक्त की और कहा कि राष्ट्र उनकी जीवटता को सलाम करता है और बड़े व्यक्तिगत जोखिम में भी महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए उनका आभारी है.
मुर्मू ने कहा कि 17 दिन तक की श्रमिकों की पीड़ा, बचाव कार्य में बाधाओं का सामना, मानवीय सहनशक्ति का प्रमाण है.

मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”मैं (बचाव) टीम और सभी विशेषज्ञों को बधाई देती हूं, जिन्होंने इतिहास के सबसे कठिन बचाव अभियानों में से एक को पूरा करने के लिए अविश्वसनीय धैर्य और दृढ. संकल्प के साथ काम किया.” विभिन्न एजेंसियों के बचाव अभियान में उत्तराखंड की सिलक्यारा सुरंग में 16 दिन तक फंसे रहने के बाद 17 वें दिन सभी 41 श्रमिकों को बाहर निकाल लिया गया.

राष्ट्रपति ने कहा, ”मुझे यह जानकर राहत और खुशी महसूस हो रही है कि उत्तराखंड में एक सुरंग में फंसे सभी श्रमिकों को बचा लिया गया है. बचाव कार्य में बाधाओं का सामना करने के कारण 17 दिन तक की उनकी पीड़ा मानवीय सहनशक्ति का प्रमाण रही है. राष्ट्र उनकी जीवटता को सलाम करता है और अपने घरों से दूर, बड़े व्यक्तिगत जोखिम पर भी महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए उनका आभारी है.”

सिल्कयारा सुरंग से 41 श्रमिकों को सकुशल निकाले जाने पर राहत और खुशी महसूस कर रहा हूं: गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को कहा कि वह उत्तराखंड में सिल्कयारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकाले जाने पर राहत और खुशी महसूस कर रहे हैं. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री गडकरी ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा “मैं सिल्कयारा सुरंग से 41 श्रमिकों को सकुशल निकाले जाने पर राहत और खुशी महसूस कर रहा हूं.” बारह नवंबर से सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को मंगलवार शाम बाहर निकाल लिया गया.

गडकरी ने कहा कि यह कई एजेंसियों द्वारा अंजाम दिया गया एक समन्वित अभियान था, जो हाल के वर्षों में सबसे महत्वपूर्ण बचाव अभियानों में से एक है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अनेक चुनौतियों का सामना करने के बावजूद विभिन्न विभाग और एजेंसियों ने एक-दूसरे का भरपूर साथ दिया और सभी के अथक प्रयासों व प्रार्थनाओं से यह अभियान संभव हो सका. उन्होंने कहा कि बचाव दलों के सर्मिपत प्रयासों के अनुकूल परिणाम मिले हैं.

गडकरी ने कहा, “मैं इस बचाव अभियान में शामिल प्रत्येक एजेंसी और व्यक्ति का आभार व्यक्त करता हूं. साथ ही अंतरराष्ट्रीय बचाव विशेषज्ञों, प्रशासनिक अधिकारियों और उत्तराखंड सरकार की त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए उनकी सराहना करता हूं.” केंद्रीय मंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा, “मैं इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का आभार व्यक्त करता हूं, जो पूरे अभियान की निरंतर निगरानी कर रहे थे और आवश्यकता पड़ने पर मार्गदर्शन और सहायता प्रदान कर रहे थे.” उन्होंने लिखा, “उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी जी और मेरे सहयोगी वी.के. सिंह जी अभियान के दौरान वहीं डेरा डाले रहे. अंत में, मैं सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों और इंजीनियरों के प्रयासों के लिए उनका आभार व्यक्त करता हूं.”

उत्तराखंड में सुरंग से श्रमिकों को बाहर निकाला जाना ‘बड़ी खबर’ : शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को उत्तराखंड में सुरंग से 41 श्रमिकों को सुरक्षित निकालने को ह्लदेश के लिए बड़ी खबरह्व बताया और कहा कि इतने लंबे समय तक ऐसी चुनौतीपूर्ण स्थिति का सामना करने के लिए राष्ट्र उनके साहस को सलाम करता है. शाह ने मजदूरों को बचाने के लिए अथक प्रयास करने वाले सभी लोगों के प्रति हार्दिक आभार भी व्यक्त किया.

शाह ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, ह्लदेश के लिए यह बड़ी खुशखबरी है कि उत्तरकाशी में एक सुरंग में फंसे हमारे सभी 41 श्रमिक भाइयों को सुरक्षित व सकुशल बचा लिया गया है. देश सुरंग में इतने लंबे समय तक ऐसी चुनौतीपूर्ण स्थिति का सामना करने के उनके साहस को सलाम करता है.ह्व उन्होंने लिखा, ह्लउन सभी लोगों और एजेंसियों का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने हमारे साथी नागरिकों की जान बचाने के लिए अथक प्रयास किए हैं.ह्व

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu