अमेरिका के केंटुकी में हवाई अड्डे पर विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से सात लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 05 Nov 2025 10:50 PM
अमेरिका के केंटुकी में हवाई अड्डे पर विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से सात लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

लुइसविले. अमेरिका में केंटुकी के लुइसविले में हवाई अड्डे से उड़ान भरते समय एक विशाल मालवाहक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से सात लोगों की मौत हो गई और 11 घायल हो गए. यह जानकारी अधिकारियों ने दी. विमान दुर्घटना मंगलवार को स्थानीय समयानुसार शाम 5:15 बजे उस वक्त हुई जब विमान लुइसविले के मुहम्मद अली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यूपीएस वर्ल्डपोर्ट से होनोलुलू के लिए रवाना हो रहा था.

लुइसविले के मेयर क्रेग ग्रीनबर्ग ने बताया कि मंगलवार रात 200 से अधिक प्रतिक्रियाकर्मी घटनास्थल पर थे. उन्होंने बुधवार सुबह डब्ल्यूएलकेवाई-टीवी को बताया, ”हम इसके लिए अपने सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग जारी रखेंगे.” घटना से जुड़े बताए जा रहे एक वीडियो में विमान के बाईं ओर आग की लपटें और घना धुआं दिखाई दे रहा है. इस दौरान विमान जमीन से थोड़ा ऊपर उठता है और फिर दुर्घटनाग्रस्त हो जाता है और उसमें आग लग जाती है.

अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार रात तक मृतकों की संख्या कम से कम सात हो गई. उन्होंने कहा कि मृतकों में से चार लोग विमान में सवार नहीं थे. केंटुकी के गवर्नर एंडी बेशियर ने कहा कि मृतकों की संख्या ब­ढ़ने की आशंका है. उन्होंने बताया कि 11 लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें से कुछ को ”काफी गंभीर” चोट आई हैं.

उन्होंने कहा, ”जिसने भी तस्वीरें और वीडियो देखे हैं, वह जानता है कि यह दुर्घटना कितनी भयानक थी.” बेशियर ने कहा कि उन्हें 1991 में बने मैकडॉनेल डगलस एमडी-11 विमान में सवार तीन चालक दल के सदस्यों की स्थिति के बारे में नहीं पता.
यूपीएस का सबसे बड़ा पैकेज हैंडलिंग केंद्र लुइसविले में है और कंपनी ने मंगलवार रात घोषणा की कि उसने केंद्र में पैकेज छंटाई का काम रोक दिया है और यह नहीं बताया कि यह कब फिर से शुरू होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu