
बेंगलुरु. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बृहस्पतिवार को कहा कि पुलिस ने कांग्रेस नेता सैयद नासिर हुसैन के समर्थकों द्वारा कथित तौर पर ”पाकिस्तान समर्थक” नारेबाजी करने के मामले में सात लोगों से पूछताछ की है. सिद्धरमैया ने आश्वासन दिया कि सबूतों के आधार पर नारे लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और राज्य सरकार का किसी को बचाने का कोई इरादा नहीं है.
राज्य में विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (सेक्युलर) ने इस घटना को लेकर कांग्रेस सरकार पर हमले तेज कर दिए हैं. मुख्यमंत्री ने विपक्षी भाजपा और जद(एस) के विरोध का जवाब देते हुए यह टिप्पणी की. भाजपा और जद(एस) के विधायकों के हंगामे के कारण लगातार दूसरे दिन कर्नाटक विधानसभा की कार्यवाही बाधित हुई. दोनों दलों के सदस्य सदन में आसन के सामने आ गए और बाद में सदन से बहिर्गमन किया.
राज्यसभा चुनाव में मंगलवार को सैयद नासिर हुसैन की जीत का जश्न मनाते हुए उनके समर्थकों ने कथित तौर पर ”पाकिस्तान जिंदाबाद” के नारे लगाए. इस घटना का एक कथित वीडियो टीवी समाचार चैनलों पर प्रसारित किया गया और यह सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया.
सिद्धरमैया ने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा, ” सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है. हमें आपसे देशभक्ति सीखने की जरुरत नहीं है. कानून के मुताबिक सात लोगों से पूछताछ की गई है और उनके बयान दर्ज किए गए हैं. जांच चल रही है. पुलिस ने इस मामले पर स्वत: संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की है. अगर सरकार गंभीर नहीं होती तो हम स्वत: संज्ञान मामला दर्ज नहीं करते. ”
उन्होंने कहा, ” चाहे कोई भी हो, जिसने भी ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. हम फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की रिपोर्ट के इंतजार में बैठे नहीं हैं. हम इस मामले की जांच कर रहे हैं.” कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि जांच जारी है और पुलिस सच्चाई जानने के लिए तकनीकी साक्ष्य के लिए एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.
विपक्ष के नेता आर अशोक ने कहा कि इस सरकार पर कोई भरोसा नहीं है क्योंकि दोषियों को पकड़ने और उन्हें दंडित करने के लिए अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, इसके बजाए इस मामले को बंद करने की कोशिश की जा रही है. अशोक ने कहा कि सिद्धरमैया का बजट एक ‘फर्जी बजट’ है और यह ‘हिंदू विरोधी’ है, क्योंकि सरकार अल्पसंख्यकों के तुष्टीकरण में लगी हुई है. उन्होंने हिंदू मंदिरों को ‘लूटने’ की भी कोशिश की है.
भाजपा ने “पाकिस्तान जिंदाबाद” नारों को लेकर कर्नाटक सरकार को बर्खास्त करने की मांग की
कर्नाटक में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को मांग की कि राज्यपाल को विधान सौध के अंदर कथित तौर पर “पाकिस्तान जिंदाबाद” के नारे लगाए जाने के बाद राज्य की कांग्रेस सरकार को बर्खास्त करने की सिफारिश करनी चाहिए. मीडिया में आईं खबरों के अनुसार भाजपा ने आरोप लगाया है कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार सैयद नासिर हुसैन की जीत के जश्न के दौरान मंगलवार रात को विधान सौध में कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए थे. कथित नारेबाजी को लेकर भाजपा ने नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक के नेतृत्व में ‘राजभवन चलो’ मार्च निकाला और राज्यपाल थावरचंद गहलोत को ज्ञापन सौंपा.
राज्यपाल को दी गई अपनी शिकायत में अशोक ने आरोप लगाया, “नासिर हुसैन के समर्थकों की राष्ट्रविरोधी नारेबाजी की राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण या गुप्तचर ब्यूरो जैसी राष्ट्रीय एजेंसियों से गहन जांच कराई जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत मामला दर्ज कर उन्हें दंडित किया जाना चाहिए.” उन्होंने कहा, “यह राज्य का परिदृश्य है, हम इस लोकतांत्रिक प्रणाली में जिम्मेदार विपक्षी दल के रूप में कर्नाटक के महामहिम राज्यपाल से इस सरकार को बर्खास्त करने की सिफारिश करने का आग्रह करते हैं, क्योंकि यह सरकार कानून- व्यवस्था का पालन करने और संवैधानिक मूल्यों को बरकरार रखने में पूरी तरह से विफल रही है.”



