ट्रंप से मुलाकात के लिए इंतजार करते रहे शहबाज-मुनीर, व्हाइट हाउस से बैठक के तस्वीर-वीडियो तक जारी नहीं

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 26 Sep 2025 01:38 PM
ट्रंप से मुलाकात के लिए इंतजार करते रहे शहबाज-मुनीर, व्हाइट हाउस से बैठक के तस्वीर-वीडियो तक जारी नहीं
ऑडियो सुनें

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से व्हाइट हाउस में मुलाकात की। हालांकि, इस बैठक में किस बात पर चर्चा हुई, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है। ट्रंप पहले ही मीडिया से बातचीत के दौरान बैठक में देर होने की बात कह चुके थे। हालांकि, अब एक और पहलू ने इस मुलाकात को रहस्यमयी बना दिया है। दरअसल, व्हाइट हाउस की तरफ से ट्रंप-शरीफ-मुनीर की बातचीत को लेकर कोई तस्वीर या वीडियो बैठक के कई घंटों बाद भी जारी नहीं किया गया है।

गौरतलब है कि व्हाइट हाउस में यह प्रथा रही है कि डोनाल्ड ट्रंप के साथ बैठक से पहले उनकी और उनसे मुलाकात करने वाले राष्ट्राध्यक्षों की तस्वीर रिलीज होती है। कई बार बैठक के बाद भी व्हाइट हाउस बैठकों की तस्वीर या वीडियो रिलीज करता है। इन सबसे इतर ट्रंप बैठक के बाद संबंधित राष्ट्राध्यक्ष के साथ मीडिया से अनौपचारिक या औपचारिक तौर पर मुखातिब होते हैं। हालांकि, पाकिस्तान के मामले में ऐसी कोई भी तस्वीर या वीडियो अब तक व्हाइट हाउस ने जारी नहीं किया है।

गौरतलब है कि गुरुवार को ही ट्रंप ने तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोआन से मुलाकात की थी। इसकी तस्वीरें और मीडिया से दोनों की बातचीत का वीडियो भी व्हाइट हाउस की तरफ से जारी किया गया था। हालांकि, पाकिस्तान के राष्ट्राध्यक्षों के साथ ट्रंप की तस्वीरें या वीडियो व्हाइट हाउस की तरफ जारी न होना कई लोगों में कौतूहल पैदा कर गया।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने दी सफाई

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, इस बैठक में अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वैंस और विदेश मंत्री मार्को रूबियो शामिल थे। पाकिस्तानी पीएमओ ने दावा किया कि बैठक अच्छे माहौल में हुई, लेकिन यह आधे घंटे की देरी शुरू हुई और इसे प्रेस के लिए नहीं खोला गया था। पीएम कार्यालय ने बैठक में देरी की वजह साफ करते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति की ओर से कई कार्यकारी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए जा रहे थे, इसलिए बैठक देर से शुरू हुई।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital