शहबाज शरीफ ने इमरान खान पर सेना प्रमुख के खिलाफ ‘ओछे’ अभियान में शामिल होने का आरोप लगाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Jul 2023 09:36 PM
शहबाज शरीफ ने इमरान खान पर सेना प्रमुख के खिलाफ ‘ओछे’ अभियान में शामिल होने का आरोप लगाया
ऑडियो सुनें

इस्लामाबाद. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने रविवार को अपने पूर्ववर्ती इमरान खान पर थलसेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर के खिलाफ ”ओछे और दुर्भावनापूर्ण अभियान” में शामिल होने का आरोप लगाया. शहबाज ने एक ट्वीट में कहा कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष खान छद्म तरीके से सेना प्रमुख को निशाना बना रहे हैं. उन्होंने कहा, ”इमरान खान जनरल सैयद असीम मुनीर के खिलाफ ओछे और दुर्भावनापूर्ण अभियान चला रहे हैं. सेना प्रमुख को छद्म तरीके से हत्या के प्रयास की धमकी देने की उनकी चाल उजागर हो गई है.”

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि खान सत्ता में वापस आने के लिए भयादोहन करने की तरकीब का इस्तेमाल कर रहे हैं. उन्होंने ट्वीट किया, ”राष्ट्र के प्रतीकों पर उनके व्यवस्थित रूप से हमले के विफल होने के बाद, वह हताश हैं और भयादोहन के हथकंडे का सहारा लेकर सत्ता में वापस आना चाहते हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि डराने-धमकाने, हिंसा और नफरत की उनकी राजनीति का समय खत्म हो चुका है.”

शरीफ ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अत्यधिक निंदनीय कृत्यों के जरिए खुद को बेनकाब कर रहे हैं. प्रधानमंत्री ने कहा, ”पाकिस्तान के लोग और राजनीतिक दल अपने सेना प्रमुख और सशस्त्र बलों के पीछे चट्टान की तरह खड़े हैं और उनकी प्रतिष्ठा, सम्मान और एकजुटता को कमजोर करने के किसी भी प्रयास और साजिश को विफल कर देंगे.” प्रधानमंत्री कार्यालय की मीडिया इकाई द्वारा साझा किए गए एक बयान के मुताबिक, शरीफ ने अधिकारियों को देश और विदेश में ऐसे दुर्भावनापूर्ण अभियानों में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का आदेश दिया है.

बयान के मुताबिक, शहबाज ने कहा, ”9 मई की घटना की साजिश रचने वालों, सूत्रधारों और संचालकों को एक स्पष्ट संदेश: पाकिस्तान और उसके प्रतिष्ठानों के खिलाफ सभी साजिशों को नाकाम कर दिया जाएगा.” खान को इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के परिसर से गिरफ्तार किए जाने के बाद 9 मई को देश भर में हिंसक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए. सरकार ने बाद में खान की पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू की और नागरिक तथा सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला करने के आरोप में हजारों लोगों को गिरफ्तार कर लिया.

खान की गिरफ्तारी के विरोध में उनके समर्थकों ने लाहौर कोर कमांडर हाउस, मियांवाली एयरबेस और फैसलाबाद में आईएसआई भवन सहित एक दर्जन सैन्य प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ की.पुलिस ने हिंसक झड़पों में मरने वालों की संख्या 10 बताई है, जबकि खान की पार्टी का दावा है कि सुरक्षार्किमयों की गोलीबारी में उसके 40 कार्यकर्ताओं की जान चली गई.

इमरान खान ने आईएमएफ से पाकिस्तान में निर्धारित समय पर आम चुनाव की ‘गारंटी’ मांगी
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) से यह “गारंटी” मांगी है कि देश में आम चुनाव निर्धारित समय पर होंगे. पाकिस्तान के लिए ‘स्टैंडबाय अरेंजमेंट’ (एसबीए) की समीक्षा और संभवत? इस समर्थन देने के लिए आईएमएफ कार्यकारी बोर्ड की बैठक होनी है.

इस बैठक से कुछ दिन पहले संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में घोषित तीन अरब अमेरिकी डॉलर के राहत पैकेज से संबंधित प्रमुख उद्देश्यों व नीतियों के लिए आश्वासन व समर्थन मांगने के लिए शुक्रवार को लाहौर में खान से मुलाकात की. पाकिस्तान और आईएमएफ के बीच महीनों की लंबी बातचीत के बाद 29 जून को देश को तीन अरब अमेरिकी डॉलर का राहत पैकेज देने को लेकर समझौता हुआ. पाकिस्तान को दिए जाने वाले कर्ज की समीक्षा के लिए आईएमएफ का कार्यकारी बोर्ड 12 जुलाई को बैठक करेगा.

‘जियो न्यूज’ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि खान ने आईएमएफ से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि अक्टूबर में होने वाले आम चुनाव निर्धारित समय पर हों. खान के हवाले से कहा गया है, ” क्या आप (आईएमएफ) गारंटी दे सकते हैं कि देश में चुनाव समय पर होंगे.” सूत्रों के अनुसार आईएमएफ प्रतिनिधियों ने कहा कि उनका संगठन देश की स्थिति पर कड़ी नजर रखता है, लेकिन ‘हम आंतरिक राजनीतिक मामलों में बहुत अधिक हस्तक्षेप नहीं कर सकते हैं.’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu